(लीड-1) पुणे में शुक्रवार को राजकीय सम्मान के साथ होगा नाना पाटेकर का अंतिम संस्कार

08 Oct 2026 19:32:53
नाना पाटेकर - फोटो सोर्स एक्स


मुंबई, 08 अक्टूबर (हि.स.)। दिग्गज फिल्म अभिनेता नाना पाटेकर का शुक्रवार को पुणे में पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा। 75 वर्षीय नाना का गुरुवार तड़के गोवा के पणजी में निधन हो गया। राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, केंद्रीय गृहमंत्री समेत तमाम नेताओं और फिल्म जगत की हस्तियों ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए उनके निधन को अपूरणीय क्षति बताया है।

नाना के करीबी मित्र गणेश थोराट ने बताया कि पुणे के बाहरी इलाके में स्थित फार्महाउस में नाना का अंतिम संस्कार किया जाएगा। उनका पार्थिव शरीर गुरुवार को ही गोवा से पुणे स्थित फार्म हाउस लाकर लोगों के अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा, जहां शुक्रवार शाम करीब 4 बजे उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने नाना के बेटे मल्हार पाटेकर से फोन पर बातचीत कर शोक संवेदना व्यक्त की। मुख्यमंत्री ने परिवार को सरकार की ओर से राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार की तैयारियों की जानकारी दी। नाना के मराठी रंगमंच के साथ-साथ हिंदी और मराठी सिनेमा में योगदान को देखते हुए सरकार की ओर से यह सम्मान दिया जा रहा है।

नाना के पुत्र मल्हार पाटेकर ने बताया कि नाना अपने गोवा स्थित घर में बेहोशी की हालत में मिले थे। इसके बाद उन्हें तत्काल मणिपाल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, नाना का निधन कार्डियक अरेस्ट के कारण हुआ।

अस्पताल से जुड़े चिकित्सक के अनुसार नाना ने करीब ढाई बजे अपने एक दोस्त को संदेश भेजकर तबीयत ठीक नहीं होने की जानकारी दी थी। देर रात होने के कारण दोस्त तत्काल संदेश नहीं देख सके। इसके बाद उन्होंने नाना से संपर्क किया और करीब चार बजे उनके घर पहुंचे। उस समय नाना को काफी पसीना आ रहा था और उनकी हालत बिगड़ रही थी। वह धीरे-धीरे बेहोशी की ओर जा रहे थे। इसके बाद केयरटेकर को अस्पताल भेजा गया और फिर एंबुलेंस से नाना को अस्पताल ले जाया गया। चिकित्सकों ने उन्हें बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन उनकी हालत में सुधार नहीं हो सका।

नाना पाटेकर के निधन से हिंदी और मराठी फिल्म जगत में शोक की लहर है। नाना ने गोवा स्थित अपने आवास पर अंतिम सांस ली। उनके निधन की पुष्टि उनके बेटे मल्हार पाटेकर ने की। नाना के निधन की खबर सामने आते ही फिल्म जगत की हस्तियों और प्रशंसकों ने सोशल मीडिया पर उन्हें श्रद्धांजलि देना शुरू कर दिया।

नाना पाटेकर ने अपने लंबे फिल्मी करियर में कई यादगार किरदार निभाए। गंभीर भूमिकाओं से लेकर खलनायक और हास्य किरदारों तक उन्होंने हर शैली में अपनी अलग पहचान बनाई। उनकी संवाद अदायगी, आवाज और अभिनय का अंदाज दर्शकों के बीच हमेशा खास रहा।

नाना की हालिया रिलीज फिल्मों की बात करें तो वह विशाल भारद्वाज के निर्देशन में बनी 'ओ रोमियो' में नजर आए थे। फिल्म में उनके साथ शाहिद कपूर, तृप्ति डिमरी और फरीदा जलाल प्रमुख भूमिकाओं में थे। इसी साल फरवरी में रिलीज हुई इस फिल्म में नाना के अभिनय को दर्शकों ने पसंद किया। इससे पहले वह 'हाउसफुल 5' में भी दिखाई दिए थे। फिल्म में उनकी एंट्री और डांस सीक्वेंस ने दर्शकों का खास ध्यान खींचा था।

नाना का असली नाम विश्वनाथ पाटेकर था। उनका जन्म 1 जनवरी 1951 में महाराष्ट्र के मुरुड-जंजीरा में हुआ था। उन्होंने मुंबई के प्रसिद्ध 'सर जेजे इंस्टीट्यूट ऑफ एप्लाइड आर्ट' से पढ़ाई की। फिल्मों में आने से पहले उन्होंने थिएटर में अपनी पहचान बनाई और आगे चलकर हिंदी तथा मराठी सिनेमा के दिग्गज कलाकार बने। उन्होंने अभिनय के साथ निर्देशन और लेखन में भी हाथ आजमाया।

नाना की खासियत रही कि उन्होंने खुद को एक ही छवि में नहीं बांधा। खामोशी, अब तक छप्पन, राजनीति और द अटैक्स ऑफ 26/11 जैसी फिल्मों में उनके गंभीर रूप दिखे तो वेलकम के उदय शेट्टी बनकर उन्होंने युवाओं को भी अपना दीवाना बना लिया। अपने शानदार अभिनय के लिए उन्हें तीन राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों सहित कई प्रतिष्ठित सम्मानों से नवाजा गया। वर्ष 2013 में उन्हें पद्मश्री से अलंकृत किया गया था।

नाना के निधन के साथ हिंदी और मराठी सिनेमा ने एक ऐसे कलाकार को खो दिया है, जिसने दशकों तक अपने अभिनय से दर्शकों के दिलों पर राज किया। 'परिंदा', 'क्रांतिवीर', 'अग्निसाक्षी', 'अब तक छप्पन', 'वेलकम' और 'नटसम्राट' जैसी फिल्मों में उनके यादगार किरदार हमेशा याद किए जाएंगे। उनके निधन से फिल्म जगत में शोक की लहर है और कलाकार उन्हें अपनी यादों के साथ श्रद्धांजलि दे रहे हैं।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / पवन कुमार

Powered By Sangraha 9.0