(लीड) नाना पाटेकर का पुणे के फार्महाउस में होगा अंतिम संस्कार, लोग कर सकेंगे पार्थिव शरीर के अंतिम दर्शन

युगवार्ता    08-Oct-2026
Total Views |
नाना पाटेकर - फोटो सोर्स एक्स


मुंबई, 08 अक्टूबर (हि.स.)। दिग्गज अभिनेता नाना पाटेकर का पुणे के फार्महाउस में अंतिम संस्कार किया जाएगा। उन्हें राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी जाएगी। इसी फार्महाउस पर नाना का पार्थिव शरीर लोगों के अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा।

महाराष्ट्र के पुणे जिला स्थित डोंजे में उनका फार्महाउस है। यहीं पर नाना का अंतिम संस्कार किया जाएगा। उनके करीबी मित्र गणेश थोराट ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि अभिनेता का पार्थिव शरीर गुरुवार को गोवा से पुणे लाया जाएगा। इसके बाद शाम करीब चार बजे वहीं अंतिम संस्कार किया जाएगा। नाना का यह फार्महाउस पुणे शहर के बाहरी इलाके में स्थित है।

राजकीय सम्मान के साथ दी जाएगी अंतिम विदाई

नाना पाटेकर को राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी जाएगी। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने नाना के बेटे मल्हार पाटेकर से फोन पर बातचीत कर शोक संवेदना व्यक्त की। बताया गया है कि मुख्यमंत्री ने परिवार को सरकार की ओर से राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार की तैयारियों की जानकारी दी है। नाना के मराठी रंगमंच के साथ-साथ हिंदी और मराठी सिनेमा में योगदान को देखते हुए सरकार की ओर से यह सम्मान दिया जा रहा है।

घर में बेहोश मिले थे नाना

नाना के पुत्र मल्हार पाटेकर ने बताया कि नाना अपने गोवा स्थित घर में बेहोशी की हालत में मिले थे। इसके बाद उन्हें तत्काल मणिपाल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, नाना पाटेकर का निधन कार्डियक अरेस्ट के कारण हुआ।

अस्पताल से जुड़े चिकित्सक के अनुसार, नाना ने करीब ढाई बजे अपने एक दोस्त को संदेश भेजकर तबीयत ठीक नहीं होने की जानकारी दी थी। देर रात होने के कारण दोस्त तत्काल संदेश नहीं देख सके। इसके बाद उन्होंने नाना से संपर्क किया और करीब चार बजे उनके घर पहुंचे। उस समय नाना को काफी पसीना आ रहा था और उनकी हालत बिगड़ रही थी। वह धीरे-धीरे बेहोशी की ओर जा रहे थे। इसके बाद केयरटेकर को अस्पताल भेजा गया और फिर एंबुलेंस से नाना को अस्पताल ले जाया गया। चिकित्सकों ने उन्हें बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन उनकी हालत में सुधार नहीं हो सका।

दिग्गज अभिनेता नाना पाटेकर के निधन से हिंदी और मराठी फिल्म जगत में शोक की लहर है। 75 वर्षीय अभिनेता ने बुधवार देर रात के बाद गोवा स्थित अपने आवास पर अंतिम सांस ली। उनके निधन की पुष्टि उनके बेटे मल्हार पाटेकर ने की है। नाना के निधन की खबर सामने आते ही फिल्म जगत की हस्तियों और प्रशंसकों ने सोशल मीडिया पर उन्हें श्रद्धांजलि देना शुरू कर दिया।

नाना पाटेकर ने अपने लंबे फिल्मी करियर में कई यादगार किरदार निभाए। गंभीर भूमिकाओं से लेकर खलनायक और हास्य किरदारों तक उन्होंने हर शैली में अपनी अलग पहचान बनाई। उनकी संवाद अदायगी, आवाज और अभिनय का अंदाज दर्शकों के बीच हमेशा खास रहा।

'ओ रोमियो' में दिखे थे आखिरी बार

नाना की हालिया रिलीज फिल्मों की बात करें तो वह विशाल भारद्वाज के निर्देशन में बनी 'ओ रोमियो' में नजर आए थे। फिल्म में उनके साथ शाहिद कपूर, तृप्ति डिमरी और फरीदा जलाल प्रमुख भूमिकाओं में थे। इसी साल फरवरी में रिलीज हुई इस फिल्म में नाना के अभिनय को दर्शकों ने पसंद किया। इससे पहले वह 'हाउसफुल 5' में भी दिखाई दिए थे। फिल्म में उनकी एंट्री और डांस सीक्वेंस ने दर्शकों का खास ध्यान खींचा था।

रंगमंच से सिनेमा तक बनाया खास मुकाम

नाना पाटेकर ने रंगमंच से अपने अभिनय सफर की शुरुआत की और आगे चलकर हिंदी तथा मराठी सिनेमा के दिग्गज कलाकार बने। उन्होंने अभिनय के साथ निर्देशन और लेखन में भी हाथ आजमाया। अपने शानदार अभिनय के लिए उन्हें तीन राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों सहित कई प्रतिष्ठित सम्मानों से नवाजा गया। वर्ष 2013 में उन्हें पद्मश्री से भी सम्मानित किया गया।

अपने पीछे छोड़ गए यादगार किरदार

नाना पाटेकर के निधन के साथ हिंदी और मराठी सिनेमा ने एक ऐसे कलाकार को खो दिया है, जिसने दशकों तक अपने अभिनय से दर्शकों के दिलों पर राज किया। 'परिंदा', 'क्रांतिवीर', 'अग्निसाक्षी', 'अब तक छप्पन', 'वेलकम' और 'नटसम्राट' जैसी फिल्मों में उनके यादगार किरदार हमेशा याद किए जाएंगे। उनके निधन से फिल्म जगत में शोक की लहर है और कलाकार उन्हें अपनी यादों के साथ श्रद्धांजलि दे रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे

Tags