
10 अक्टूबर से केपी ग्राउंड स्थित मेजर रंजीत सिंह स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में होगी क्रिकेट प्रतियोगिता, विजेता को एक लाख रुपये
प्रयागराज, 08 अक्टूबर (हि.स.)। पूर्व विधायक स्वर्गीय नीलम करवरिया की स्मृति में नीलम करवरिया कप-2026 क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन 10 अक्टूबर से किया जाएगा। प्रतियोगिता का शुभारंभ शनिवार सुबह आठ बजे केपी ग्राउंड स्थित मेजर रंजीत सिंह स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स मैदान में होगा। प्रतियोगिता में प्रयागराज जनपद के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों की 12 विधानसभा क्षेत्रों की टीमें हिस्सा लेंगी।
आयोजन समिति के अनुसार प्रतियोगिता का उद्देश्य प्रयागराज के उभरते क्रिकेट खिलाड़ियों को बेहतर मंच उपलब्ध कराना है। प्रतियोगिता में भाग लेने वाले खिलाड़ियों और टीमों से किसी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाएगा। सभी टीमों का चयन संबंधित विधानसभा क्षेत्रों में निर्धारित तिथियों पर किया गया है। विधानसभा क्षेत्र की टीम में उसी विधानसभा क्षेत्र का मूल निवासी खिलाड़ी होना अनिवार्य रखा गया है। प्रत्येक टीम के कोच और मैनेजर को भी अधिकृत किया गया है। टीमों में आवश्यकता के अनुसार दो बाहरी खिलाड़ियों को शामिल करने की अनुमति दी गई है।
प्रतियोगिता का संचालन प्रयागराज क्रिकेट एसोसिएशन से संबद्ध पंजीकृत अंपायर, स्कोरर, रेफरी और कमेंटेटर करेंगे। मैचों को निर्विवाद रूप से संपन्न कराने के लिए तकनीकी समिति का भी गठन किया गया है। सभी मुकाबलों का यू-ट्यूब पर सीधा प्रसारण किया जाएगा। प्रतियोगिता में गेंद आयोजन समिति की ओर से निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी।
आयोजन सचिव सक्षम करवरिया ने बताया कि प्रत्येक मैच के मैन ऑफ द मैच को ट्रॉफी के साथ दो हजार रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा। प्रतियोगिता के सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज, सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज और सर्वश्रेष्ठ क्षेत्ररक्षक को ट्रॉफी के साथ 10-10 हजार रुपये दिए जाएंगे। वहीं प्रतियोगिता के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी को ट्रॉफी और 20 हजार रुपये का पुरस्कार मिलेगा।
उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता की विजेता टीम को नीलम करवरिया कप के साथ एक लाख रुपये तथा उपविजेता टीम को कप के साथ 60 हजार रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा। इसके अलावा विजेता और उपविजेता टीम के सभी खिलाड़ियों, कोच और मैनेजर को क्रमशः स्वर्ण एवं रजत पदक से सम्मानित किया जाएगा।
आयोजन सचिव सक्षम करवरिया ने बताया कि “नीलम करवरिया कप का उद्देश्य प्रयागराज के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में क्रिकेट की प्रतिभाओं को बेहतर मंच देना है। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों को बिना किसी शुल्क के अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। हमारा प्रयास है कि आयोजन पारदर्शी और बेहतर खेल भावना के साथ संपन्न हो तथा उभरते खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का अवसर मिले।”
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल