गिरिराज सिंह 9 अक्टूबर से सूरत के दौरे पर रहेंगे

युगवार्ता    08-Oct-2026
Total Views |
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह की फाइल फोटो


सूरत, 08 अक्टूबर (हि.स.)। केंद्रीय कपड़ा मंत्री गिरिराज सिंह 9 से 11 अक्टूबर 2026 तक सूरत शहर और जिले के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे कपड़ा उद्योग से जुड़े विभिन्न संगठनों, उद्यमियों, स्टार्टअप और औद्योगिक इकाइयों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक एवं संवाद करेंगे।

केंद्रीय कपड़ा मंत्री सिंह 9 अक्टूबर को सुबह 9:30 से 11 बजे तक सर्किट हाउस में यार्न विनिर्माण इकाइयों और कपड़ा मशीनरी निर्माताओं के साथ बैठक करेंगे। इसके बाद सुबह 11:30 से दोपहर 2:30 बजे तक सरसाणा स्थित एसजीसीसीआई हॉल में ‘विकास विमर्श’ कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसमें उत्पादन आधारित प्रोत्साहन योजना (पीएलआई), मानव निर्मित फाइबर उद्योग, युवा उद्यमियों और स्टार्टअप से संवाद होगा। दोपहर 3 से 3:30 बजे तक फोस्टा और मिलेनियम टेक्सटाइल मार्केट का दौरा करेंगे। शाम 4 से 7 बजे तक होटल मैरियट में मैन्ट्रा के 50वें स्थापना दिवस समारोह में भाग लेंगे।

10 अक्टूबर को औद्योगिक इकाइयों का दौरा

10 अक्टूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर 2:15 बजे तक केंद्रीय मंत्री विभिन्न औद्योगिक इकाइयों का दौरा करेंगे। इनमें होजीवाला इंडस्ट्रियल एरिया की शिफली एम्ब्रॉयडरी इकाई, गोकुल आनंद की यार्न स्पिनिंग इकाई, पलसाणा स्थित कोटेक्स लिनेन की लिनेन बुनाई इकाई, अल्ट्रा डेनिम लिमिटेड की एयर-जेट लूम एवं परिधान इकाई तथा आदित्य टेक्सटाइल सॉल्यूशंस की होम टेक्सटाइल और वॉटर-जेट इकाई शामिल हैं।

इसके अलावा साचिन जीआईडीसी में स्टीम हाउस कॉमन बॉयलर और हीट रिकवरी इकाई का भी निरीक्षण करेंगे। दोपहर 3:30 से 4:30 बजे तक सर्किट हाउस में पीएम मित्र पार्क के संबंध में निवेशकों के साथ बैठक करेंगे। इसके बाद 11 अक्टूबर को वे दिल्ली के लिए रवाना होंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे

Tags