
भोपाल, 09 अक्टूबर (हि.स.)। अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स), भोपाल में सहायक प्रोफेसर के पदों पर नियुक्ति की प्रतीक्षा कर रहे चिकित्सकों के लिए राहत की खबर है। संस्थान ने 45 सहायक प्रोफेसर पदों पर भर्ती के लिए आवेदन की अंतिम तिथि सात दिन बढ़ा दी है। अब पात्र अभ्यर्थी 17 अक्टूबर 2026 तक आवेदन कर सकेंगे। विभिन्न चिकित्सा विभागों में संविदा आधार पर होने वाली इन नियुक्तियों के लिए चयन प्रक्रिया में शामिल होने के इच्छुक उम्मीदवारों को निर्धारित प्रारूप में आवेदन और आवश्यक दस्तावेज ई-मेल के माध्यम से भेजने होंगे।
एम्स भोपाल ने विज्ञापन क्रमांक ADM-2(5)/2026/AIIMS/BPL/AP_Contractual/8133, दिनांक 1 अक्टूबर 2026 के माध्यम से इन पदों के लिए आवेदन आमंत्रित किए थे। आवेदन की अवधि में विस्तार से उन चिकित्सकों को अतिरिक्त समय मिलेगा, जो निर्धारित पात्रता पूरी करते हैं और संस्थान में सहायक प्रोफेसर के रूप में सेवाएं देना चाहते हैं।
इन विभागों में मिलेंगे अवसर
भर्ती के तहत सामान्य चिकित्सा, कार्डियोलॉजी, बर्न्स एवं प्लास्टिक सर्जरी, मेडिकल जेनेटिक्स और पीडियाट्रिक सर्जरी सहित विभिन्न विभागों में नियुक्तियां की जानी हैं। इन पदों पर चयनित अभ्यर्थियों को प्रतिमाह 1,42,506 रुपये पारिश्रमिक दिया जाएगा। चिकित्सा क्षेत्र के विशेषज्ञों के लिए यह संस्थान में अकादमिक एवं चिकित्सकीय सेवाएं देने का अवसर है।
ई-मेल से भेजना होगा आवेदन
इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थी एम्स भोपाल की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध निर्धारित प्रारूप में आवेदन पत्र भरें। आवेदन के साथ शैक्षणिक योग्यता, अनुभव और विज्ञापन में निर्धारित पात्रता के समर्थन में आवश्यक दस्तावेज संलग्न करना अनिवार्य होगा। पूर्ण आवेदन विस्तारित समय-सीमा के भीतर [email protected] पर ई-मेल से भेजा जा सकता है।
संस्थान के अनुसार, आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाई गई है, जबकि मूल विज्ञापन में उल्लेखित अन्य सभी नियम एवं शर्तें यथावत रहेंगी। अभ्यर्थियों को आवेदन भेजने से पहले आधिकारिक विज्ञापन का अध्ययन कर अपनी पात्रता सुनिश्चित करने और निर्धारित प्रारूप में सभी आवश्यक जानकारियां उपलब्ध कराने की सलाह दी जाती है।
आवेदन की अंतिम तिथि: 17 अक्टूबर 2026
मासिक पारिश्रमिक: 1,42,506 रुपये
कुल पद: 45 सहायक प्रोफेसर
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. मयंक चतुर्वेदी