अनन्या पांडे ने किया एनआईएफ ग्लोबल के बांद्रा कैंपस का उद्घाटन

09 Oct 2026 19:59:53
अनन्या पांडे - फोटो सोर्स एक्स


मुंबई, 9 अक्टूबर (हि.स.)। अभिनेत्री अनन्या पांडे ने मुंबई के बांद्रा स्थित एनआईएफ ग्लोबल के नए कैंपस का उद्घाटन किया। संस्थान की स्टाइल आइकन के रूप में कार्यक्रम में शामिल हुईं अनन्या ने फैशन, इंटीरियर डिजाइन और अन्य रचनात्मक क्षेत्रों में करियर बनाने की इच्छा रखने वाले विद्यार्थियों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने अपने फिल्मी सफर, व्यक्तिगत स्टाइल और पेशेवर जीवन के अनुभव साझा किए। नए कैंपस की शुरुआत को मुंबई के युवाओं के लिए रचनात्मक शिक्षा और करियर के अवसर बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों, शिक्षकों और फैशन एवं मनोरंजन जगत से जुड़े लोगों ने हिस्सा लिया। एनआईएफ ग्लोबल कॉर्पोरेट की क्रिएटिव एजुकेटर तिशा खोसला ने अनन्या के साथ संवाद किया, जिसमें फैशन के बदलते रुझानों, व्यक्तिगत स्टाइल और डिजाइन के क्षेत्र में करियर की संभावनाओं पर चर्चा हुई। अनन्या ने कहा कि फैशन उनके लिए खुद को अभिव्यक्त करने का माध्यम है। उन्होंने विद्यार्थियों के विचारों और सपनों को जानने पर खुशी जताते हुए कहा कि युवाओं को अपनी रचनात्मकता पहचानने और जुनून को करियर में बदलने के अवसर मिलने चाहिए। कार्यक्रम में सवाल-जवाब का सत्र भी हुआ, जहां विद्यार्थियों ने उनसे फैशन, स्टाइलिंग, मॉडलिंग और बॉलीवुड में करियर बनाने से जुड़े सवाल पूछे। इसके बाद अनन्या ने उनके साथ कुछ मनोरंजक गतिविधियों में भी हिस्सा लिया।---------------

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे

Powered By Sangraha 9.0