-विकास रंजन भट्टाचार्य के घर पर हमले और जादवपुर विश्वविद्यालय विवाद पर मुख्यमंत्री ने दी चेतावनी
कोलकाता, 09 अक्टूबर (हि.स.)। पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने हिंदुत्व, गेरुआ और सनातन धर्म का अपमान करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी है। शुक्रवार को आरजी कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में चिकित्सकों के एक सम्मेलन में पहुंचे मुख्यमंत्री ने कहा कि धार्मिक आस्था और हिंदू समाज को निशाना बनाने वाली टिप्पणियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के पूर्व सांसद और अधिवक्ता विकास रंजन भट्टाचार्य के घर पर हुए हमले, जादवपुर विश्वविद्यालय में छात्र संगठनों के बीच विवाद और आरजी कर महिला चिकित्सक दुष्कर्म-हत्या मामले का भी उल्लेख किया।
माकपा के पूर्व सांसद विकास रंजन भट्टाचार्य के घर पर गुरुवार तड़के हुए हमले को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि घटना की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने पुलिस को कार्रवाई का निर्देश दिया था। इसके बाद एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। हालांकि, विकास रंजन भट्टाचार्य की ओर से घटना को लेकर की गई ‘हिंदुत्ववादी हमला’ टिप्पणी पर शुभेंदु अधिकारी ने कड़ी आपत्ति जताई।
मुख्यमंत्री ने कहा, “आपने कहा कि हिंदुत्ववादियों ने हमला किया। इस टिप्पणी के जरिए आपने पूरे हिंदू समाज पर हमला किया है। इसके खिलाफ भी कार्रवाई होगी।”
उल्लेखनीय है कि विकास रंजन भट्टाचार्य के घर पर हमले की घटना को लेकर कलकत्ता उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश रवींद्र वी. घुगे की खंडपीठ ने राज्य सरकार से रिपोर्ट तलब की है। मामले को लेकर राजनीतिक हलकों में भी चर्चा तेज है।
मुख्यमंत्री ने जादवपुर विश्वविद्यालय में वामपंथी छात्र संगठनों और अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के बीच हुए विवाद का भी जिक्र किया। इस विवाद के बाद विश्वविद्यालय परिसर में तनाव की स्थिति पैदा हो गई थी। उस समय शुभेंदु अधिकारी ने वामपंथी छात्रों और कुछ शिक्षकों की आलोचना की थी।
शुक्रवार को अपने संबोधन में उन्होंने वामपंथी विचारधारा पर निशाना साधते हुए कहा, “दिमागी नक्सलियों और कम्युनिस्टों को उखाड़ फेंकूंगा। सड़क पर उतरकर लड़ूंगा। सभी विश्वविद्यालयों में एबीवीपी की गूंज सुनाई देगी।”
जादवपुर विश्वविद्यालय विवाद के दौरान ‘गेरुआ आतंक’ शब्द के इस्तेमाल को लेकर भी विवाद हुआ था। मुख्यमंत्री ने इस तरह की टिप्पणियों पर अपना विरोध दोहराते हुए कहा कि गेरुआ, हिंदुत्व और सनातन धर्म का अपमान करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
आरजी कर मेडिकल कॉलेज में दो साल पहले महिला चिकित्सक के साथ हुए दुष्कर्म और हत्या के मामले का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने पीड़िता को न्याय दिलाने का भरोसा दिया। कार्यक्रम में पीड़िता की मां भी मौजूद थीं, जो वर्तमान में पानीहाटी से भाजपा की विधायक हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा, “दो दिन पहले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी ने कहा था, ‘वी विल डू इट’ (हम करके दिखाएंगे)। अभया मामले में भी हम ऐसा करके दिखाएंगे।” इस दौरान पीड़िता की मां ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया। उन्होंने आरजी कर मामले में आरोपों के घेरे में रहे तत्कालीन स्वास्थ्य सचिव नारायणस्वरूप निगम को पद पर बनाए रखने को लेकर सवाल उठाए।
पीड़िता की मां की ओर से उठाए गए सवालों पर मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि उनकी सरकार ने सत्ता में आने के बाद तीन पुलिस अधिकारियों विनीत गोयल, इंदिरा मुखोपाध्याय और अभिषेक गुप्ताके खिलाफ कार्रवाई की है। उन्होंने संकेत दिया कि मामले में आगे भी कार्रवाई की जाएगी।----------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष मधुप