मुंबई की गिरगांव चौपाटी की रामलीला में दिखेगा भव्य मंचन, योगेश पगारे-मोंटी शर्मा करेंगे निर्देशन

09 Oct 2026 13:17:53
योगेश पगारे-मोंटी शर्मा - फोटो सोर्स एक्स


मुंबई, 09 अक्टूबर (हि.स.)। मुंबई की गिरगांव चौपाटी पर इस वर्ष आदर्श रामलीला महोत्सव 2026 भव्य रंगमंचीय प्रस्तुति के साथ किया जाएगा। 11 से 20 अक्टूबर तक चलने वाले इस महोत्सव में लेखक-निर्देशक योगेश वी. पगारे और संगीत निर्देशक मोंटी शर्मा की अहम भूमिका होगी।

वर्ष 1964 से चली आ रही रामलीला की परंपरा को इस बार आधुनिक तकनीक, भव्य मंच सज्जा और प्रभावशाली संगीत के साथ नए रूप में प्रस्तुत किया जाएगा। श्री आदर्श रामलीला महोत्सव समिति के आयोजन का निर्माण डिविनिटी प्रोडक्शंस ने किया है।

महोत्सव की जानकारी देने के लिए आज शुक्रवार काे प्रेस कॉन्फ्रेंस में निर्देशक योगेश वी. पगारे, संगीत निर्देशक मोंटी शर्मा, समिति के अध्यक्ष राजेंद्र अग्रवाल, सचिव कनबिहारी अग्रवाल और कोषाध्यक्ष वैभव गुप्ता मौजूद रहे। इस दौरान कलाकारों ने रामलीला के एक विशेष प्रसंग की प्रस्तुति भी दी। आयोजन में करीब 1,500 दर्शकों की क्षमता वाला जर्मन-हैंगर ऑडिटोरियम, 64 फीट का विशाल एचडी एलईडी मंच, आधुनिक लाइट और साउंड व्यवस्था, भव्य सेट तथा पारंपरिक वेशभूषा आकर्षण का केंद्र होंगे। इसमें 50 से अधिक कलाकार हिस्सा लेंगे।

योगेश वी. पगारे ने कहा कि रामलीला का मंचन केवल कथा सुनाने का माध्यम नहीं, बल्कि एक बड़ी जिम्मेदारी है। उनका प्रयास है कि रामायण के प्रसंगों की गरिमा और भावनाओं को बरकरार रखते हुए दर्शकों तक उनका संदेश प्रभावी ढंग से पहुंचाया जाए। वहीं, मोंटी शर्मा ने बताया कि संगीत में भक्ति, शौर्य, करुणा और उत्सव के भावों को प्रमुखता दी गई है, ताकि वह पात्रों और दृश्यों की भावनात्मक गहराई को उभारे।

इस बार महोत्सव में रामलीला के मंचन के अलावा सरयू आरती, महाआरती, 3डी राम दर्शन, वीआर धाम दर्शन, रामायण विजडम गैलरी, भजन जामिंग और आध्यात्मिक संवाद जैसे कार्यक्रम भी होंगे। समिति के पदाधिकारियों के अनुसार, इन गतिविधियों के जरिए बच्चों, युवाओं और परिवारों को रामकथा से जोड़ने का प्रयास किया गया है। आयोजन में दर्शकों की सुविधा और सुरक्षा के साथ तकनीकी व्यवस्थाओं पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। समिति का उद्देश्य छह दशक से अधिक पुरानी इस सांस्कृतिक परंपरा को नई पीढ़ी तक पहुंचाना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे

Powered By Sangraha 9.0