ट्रोलिंग पर खुलकर बोलीं कैटरीना कैफ

09 Oct 2026 15:55:53
कैटरीना कैफ - फोटो सोर्स इंस्टाग्राम


मुंबई, 09 अक्टूबर (हि.स.)। अभिनेत्री कैटरीना कैफ मां बनने के बाद बढ़े वजन को लेकर सोशल मीडिया पर ट्रोलिंग का सामना कर रही हैं। इस बीच उन्होंने ऑनलाइन आलोचनाओं पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि लोगों की राय को अपनी अहमियत तय करने का आधार नहीं बनाना चाहिए। ब्रिटेन में अपने ब्यूटी ब्रांड 'के ब्यूटी' के एक साल पूरे होने के मौके पर आयोजित कार्यक्रम में कैटरीना ने ब्यूटी इन्फ्लुएंसर्स के साथ बातचीत के दौरान सोशल मीडिया पर होने वाली टिप्पणियों और उनके मानसिक प्रभाव पर अपने विचार शेयर किए।

कैटरीना ने कहा कि सोशल मीडिया पर अलग-अलग तरह की राय सामने आती रहती हैं। ऐसे में जरूरी है कि लोग इन टिप्पणियों को अपनी व्यक्तिगत अहमियत पर हावी न होने दें। उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति दूसरों की राय के हिसाब से अपने फैसले लेने लगे, तो इससे खुद के लिए निर्णय लेने की क्षमता प्रभावित हो सकती है। अभिनेत्री के मुताबिक, अपनी पहचान और आत्मसम्मान को दूसरों की टिप्पणियों से अलग रखना बेहद जरूरी है।

कैटरीना ने यह भी कहा कि कभी दुनिया आपकी तारीफ करती है, तो कभी आपको खुद अपना हौसला बढ़ाना पड़ता है। उनके इस बयान का वीडियो सामने आने के बाद प्रशंसकों ने सोशल मीडिया पर उनकी जमकर तारीफ की। कई लोगों ने उनकी बात को समझदारी भरा बताते हुए समर्थन जताया। कैटरीना के इस संदेश को ऑनलाइन आलोचनाओं का सामना कर रहे लोगों के लिए भी अहम माना जा रहा है। उनका कहना है कि दूसरों की राय के बजाय खुद पर भरोसा करना और अपनी अहमियत समझना ज्यादा जरूरी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे

Powered By Sangraha 9.0