
मुंबई, 09 अक्टूबर (हि.स.)। फिल्म अभिनेता नाना पाटेकर की मौत के बाद गोवा की पणजी पुलिस स्टेशन की टीम ने शुक्रवार को अप्राकृतिक मौत का मामला दर्ज कर मामले की जांच शुरु कर दी है। इस मामले में गोवा पुलिस नाना पाटेकर के नजदीकी रिश्तेदारों का बयान दर्ज करवाने की भी तैयारी कर रही है।
इस मामले की छानबीन कर रहे पुलिस अधिकारी ने आज बताया कि अभिनेता की मौत के बाद पणजी पुलिस स्टेशन में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 194 के तहत अप्राकृतिक मौत का मामला दर्ज किया है। मौत का सही कारण स्पष्ट करने के लिए जांच चल रही है। पुलिस इस मामले में फिल्म अभिनेता को गुरुवार को तडक़े उनके आवास पर जब से तकलीफ हुई और उनके अस्पताल पहुंचने और वहां मृत घोषित किए जाने तक की जांच करने वाली है।
इसका कारण गोवा के मणिपाल अस्पताल के डॉक्टर ने पणजी पुलिस स्टेशन को फोन कर फिल्म अभिनेता नाना के मौत की जानकारी दी थी। उस समय मणिपाल अस्पताल के डॉक्टर की ओर कहा गया था कि फिल्म अभिनेता नाना को मृत अवस्था में अस्पताल लाया गया था। पुलिस मौत का सही कारण साफ करने के लिए मौके पर पंचनामा करेगी। साथ ही, गोवा मेडिकल कॉलेज में पोस्टमार्टम कराया जाएगा और परिवार और संबंधित लोगों के बयान दर्ज किए जाएंगे। पुलिस अभी मौत के हालात और कारण की पूरी जांच कर रही है। अगर जांच में पता चलता है कि मौत नेचुरल थी, तो नियमों के मुताबिक केस बंद कर दिया जाएगा। हालांकि, अगर जांच के दौरान कोई गड़बड़ या संदिग्ध बात सामने आती है, तो उसके अनुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
दरअसल गुरुवार को तडक़े नाना पाटेकर को दिल का दौरा पड़ा था और इसके बाद सुबह ही उनकी मौत हो गई थी। इसके पार्थिव शरीर का पुणे के डोणजे में राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। इस मौके पर पुलिस बल की ओर से उन्हें राजकीय सम्मान दिया गया। इस मौके पर राजनीतिक, सामाजिक और सांस्कृतिक क्षेत्र के कई गणमान्य लोगों की मौजूदगी में उन्हें अश्रुपूर्ण विदाई दी गई।
नाना पाटेकर के काम आगे ले जाएंगे: मल्हार पाटेकर
अंतिम संस्कार के बाद, नाना पाटेकर के बेटे मल्हार पाटेकर ने कहा कि फिजिकली हम सब को एक दिन जाना हैं, जैसे नानासाहेब आज गए हैं। लेकिन, उनकी सफलताएं और काम ऐसे हैं कि नानासाहेब जैसा इंसान कभी कहीं नहीं जाता, वह हमेशा अमर रहता है। नानासाहेब हमेशा मेरे साथ हैं। आइए इंसानियत के नाम पर एक साथ आएं और दुनिया की भलाई के लिए काम करें, उनके मन में बस यही ख्याल था। महाराष्ट्र से शुरू हुआ यह सोशल वर्क अब पूरे देश में पहुंच गया है। इस काम को ग्लोबल लेवल पर बढ़ाना नाना का सपना था और अब हम उस दिशा में अपना सफर जारी रखेंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव