भाजपा की कोयल मल्लिक निर्विरोध राज्यसभा सांसद निर्वाचित, विधानसभा सचिव ने सौंपा प्रमाणपत्र

09 Oct 2026 18:54:53
भाजपा का दामन थामने वाली टॉलीवुड अभिनेत्री कोयल मल्लिक


कोलकाता, 09 अक्टूबर (हि. स.)। तृणमूल कांग्रेस छोड़कर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का दामन थामने वाली टॉलीवुड अभिनेत्री कोयल मल्लिक अब निर्विरोध राज्यसभा सांसद चुन ली गई हैं। शुक्रवार को राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन वापसी का अंतिम दिन था, लेकिन इस सीट पर मुकाबला करने के लिए किसी अन्य उम्मीदवार ने नामांकन दाखिल नहीं किया। इसके चलते कोयल मल्लिक को निर्विरोध विजेता घोषित कर दिया गया और विधानसभा सचिव ने उन्हें जीत का प्रमाण पत्र सौंप दिया।

कोयल मल्लिक पहले तृणमूल कांग्रेस के कोटे से राज्यसभा सांसद थीं, लेकिन उन्होंने लोकसभा चुनाव में पार्टी की करारी हार के बाद जुलाई महीने में, यानी कार्यकाल के महज तीन महीने के भीतर ही पद से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद उन्होंने केंद्रीय मंत्री और भाजपा के पश्चिम बंगाल प्रभारी सुनील बंसल से मुलाकात की थी। गत चार अक्टूबर को भाजपा ने उन्हें राज्यसभा उपचुनाव के लिए अपना उम्मीदवार घोषित किया। इसके अगले ही दिन उन्होंने पार्टी कार्यालय जाकर आधिकारिक रूप से भाजपा की सदस्यता ग्रहण की और अपना नामांकन पत्र दाखिल किया था।

नामांकन दाखिल करते समय कोयल ने कहा था कि वह जनता के लिए काम करना चाहती हैं और अब भाजपा के माध्यम से उन्हें वह अवसर मिलने जा रहा है। हालांकि इस जीत पर अभिनेत्री की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है, लेकिन नंदीग्राम और रेजिनगर विधानसभा उपचुनाव में भाजपा की शानदार जीत के साथ-साथ राज्यसभा में भी पार्टी की इस जीत से पूरे गेरुआ खेमे में जश्न का माहौल है।-----------

हिन्दुस्थान समाचार / गंगा

Powered By Sangraha 9.0