भारत की पहली बुलेट ट्रेन का 80 प्रतिशत निर्माण पूरा, 2027 में दौड़ेगी सूरत से वापी के बीच 7 नए कॉरिडोर की भी तैयारी

01 Nov 2026 17:06:53
बुलेट ट्रेन


नई दिल्ली, 01 नवंबर (हि.स.)। भारत में हाई-स्पीड रेल के युग की शुरुआत जल्द होने वाली है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने मुंबई-अहमदाबाद हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर पर बन रही देश की पहली बुलेट ट्रेन का एक प्रमोशनल वीडियो साझा किया है। 11 सेकंड के इस वीडियो में कमिंग सून, भारत की पहली बुलेट ट्रेन का निर्माण और स्टे ट्यून्ड जैसे संदेशों के साथ ट्रेन के अंदरूनी ढांचे की झलक दिखाई गई है।

इस महत्वाकांक्षी परियोजना का लगभग 80 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। यह परियोजना 508 किलोमीटर लंबी है। वर्तमान में पुल, सुरंगें और ट्रैक बिछाने का काम तेजी से जारी है। सबसे पहले सूरत और वापी के बीच का सेक्शन अगस्त 2027 में खुलने की उम्मीद है। यह बुलेट ट्रेन मुंबई और अहमदाबाद के बीच की दूरी को मात्र 1 घंटे 58 मिनट में तय करेगी। इस पूरे मार्ग पर 12 स्टेशन बनाए जाएंगे।

उल्लेखनीय है कि इन ट्रेनों की डिज़ाइन गति 350 किमी प्रति घंटा और परिचालन गति 320 किमी प्रति घंटा है, जो भारत की मौजूदा वंदे भारत ट्रेनों (180 किमी/घंटा) से काफी अधिक है। इसमें विश्व स्तरीय सुरक्षा मानकों और उन्नत सिग्नलिंग एवं ट्रेन नियंत्रण प्रणालियों का इस्तेमाल किया गया है।

एमएएचएसआर परियोजना केवल एक रूट तक सीमित नहीं है, बल्कि यह भविष्य के हाई-स्पीड रेल नेटवर्क के लिए एक मजबूत नींव रख रही है। देश भर में आगामी बुलेट ट्रेन कॉरिडोर के लिए इसी परियोजना के आधार पर एक मानकीकृत टेम्पलेट विकसित किया जा रहा है। केन्द्र सरकार मुंबई-अहमदाबाद कॉरिडोर से आगे बढ़कर पूरे देश में बुलेट ट्रेन नेटवर्क के विस्तार की योजना बना रही है। इसके तहत लगभग 4,000 किलोमीटर लंबे सात नए हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर की पहचान की गई है। रणनीतिक रूप से चुने गए इन मार्गों से लगभग 16 लाख करोड़ रुपये का निवेश आकर्षित होने की उम्मीद है, जो दीर्घकालिक आर्थिक विकास में बड़ा योगदान देगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी

Powered By Sangraha 9.0