



- सेना दिवस 15 जनवरी को भोपाल में होगा आयोजन
भोपाल, 01 नवम्बर (हि.स.) । मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि आज मध्य प्रदेश का स्थापना दिवस है, आज के दिन का आनंद कई गुना इसलिए भी बढ़ जाता है क्योंकि आज से 15 जनवरी तक सेना दिवस से संबंधित आयोजन आरंभ हो रहे हैं। यह प्रदेश के लिए अत्यंत सौभाग्य और गौरव का विषय है कि 1 नवंबर से 15 जनवरी के बीच भारत की यशस्वी सेना अपने अदम्य पराक्रम, पुरुषार्थ और शौर्य का प्रदर्शन भोपाल की धरती पर करेगी।
यह बात मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने रविवार को राजधानी भोपाल स्थित शौर्य स्मारक पर आयोजित संकल्प वृक्ष पौध-रोपण अभियान के शुभारंभ के अवसर पर कही। उन्होंने कहा कि राजधानी भोपाल में देशभक्ति के महापर्व “सेना दिवस” (15 जनवरी को) पर आमजन हमारी वीर और महान सेना के शौर्य को देखेंगे। उन्होंने इस ऐतिहासिक आयोजन के लिए रक्षा मंत्रालय और सेना सहित सभी आयोजकों का आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि हमारी सेना को नमन करने का प्रदेशवासियों को अवसर मिलेगा। आयोजन को ऐतिहासिक बनाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। इस गौरवशाली आयोजन को लेकर राज्य सरकार और प्रदेशवासी अत्यंत उत्साहित हैं। उन्होंने कहा कि संकल्प वृक्ष पौध-रोपण अभियान में राज्य के 55 जिलों से मिट्टी का समायोजन इस बात का प्रमाण है कि कई तरह की विविधताएं, बोलियां, सांस्कृतिक होने के बावजूद हम सभी एक हैं। विविधता में एकता का संदेश देते विश्व के सबसे महान और बड़े लोकतंत्र, भारत की सीमाओं की सुरक्षा हमारी जल, थल और वायु सेना करती हैं।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने आज मध्य प्रदेश स्थापना दिवस पर भोपाल में 15 जनवरी को मनाए जाने वाले सेना दिवस-2027 के आयोजनों का संकल्प वृक्ष पौध-रोपण अभियान के माध्यम से शुभारंभ किया। शौर्य स्मारक में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने स्मारक स्तंभ पर पुष्प चक्र अर्पित कर देश के वीर जवानों को श्रद्धापूर्वक नमन किया और भारत माता की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए।
मुख्यमंत्री के आगमन पर सेना के अधिकारियों और एनसीसी कैडेट्स ने उनकी अगवानी की। उन्होंने प्रकृति के संरक्षण और विकसित व संरक्षित भारत के संकल्प के प्रतीक स्वरूप संकल्प वृक्ष पौध-रोपण अभियान में अर्जुन का पौधा रोपा। यह पौध-रोपण 15 जनवरी 2027 को भोपाल में पहली बार होने जा रहे राष्ट्रीय सेना दिवस समारोह की आरंभिक कड़ी है। उन्होंने इस अवसर पर शौर्य स्मारक परिसर में सैन्य इवेंट प्रदर्शनी का अवलोकन किया। इवेंट पेवेलियन में सेना दिवस परेड, रण हुंकार, एकीकृत युद्ध प्रदर्शन और सैन्य प्रदर्शनी लगाई गई है। यह 15 जनवरी को होने वाले सेना दिवस की रूपरेखा प्रस्तुत करती है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश की सैन्य व्यवस्था में अनेक नवाचार और अभिनव प्रयोग किए हैं। इन प्रयासों से परंपरागत सैन्य आयोजनों को भी नई ऊर्जा, नया स्वरूप और नई दिशा मिली है। अग्निवीर योजना के माध्यम से सेना में युवाओं की भागीदारी और उनमें राष्ट्र सेवा का नया संकल्प विकसित करने की पहल भी इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि इस पहल के लिए प्रधानमंत्री मोदी का अभिनंदन है। उन्होंने कहा की एनसीसी के माध्यम से युवाओं को देशभक्ति, सैन्य प्रशिक्षण और अनुशासन के संस्कार दिए जा रहे हैं। एनसीसी में बिताए गए अनुभव युवाओं के जीवन में सदैव प्रेरणा का स्रोत बने रहते हैं। ये संस्कार उन्हें भविष्य में भी राष्ट्र की एकता, अखंडता और अनुशासन के प्रति समर्पित रहने की प्रेरणा देते हैं।
प्रदेश में युवा वर्ष की शुरुआत भारतीय सेना के शौर्य, पराक्रम और पुरुषार्थ के भव्य प्रदर्शन के साथ होगी
मुख्यमंत्री ने विभिन्न जिलों से मिट्टी के कलश लाने वाले सभी छात्रों का अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि हमारा देश युवाओं का देश है, राष्ट्र और प्रदेश के विकास में युवाओं का योगदान महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने देश की विकास यात्रा में महिला, युवा, गरीब और किसान इन 4 प्रमुख वर्गों को विशेष प्राथमिकता दी है। इसी भावना के अनुरूप राज्य सरकार ने भी अपने पांच वर्षों के कार्यकाल में प्रत्येक वर्ष को एक विशेष वर्ग के कल्याण के लिए समर्पित करने का संकल्प लिया है। वर्ष 2026 को किसान कल्याण वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है, आगामी वर्ष 2027 युवा वर्ष होगा।
उन्होंने कहा कि यह हम सभी के लिए सौभाग्य का विषय है कि युवा वर्ष की शुरुआत भारतीय सेना के शौर्य, पराक्रम और पुरुषार्थ के भव्य प्रदर्शन के साथ होगी। सेना दिवस का आयोजन प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणादायी सौगात बनेगा। आज का आयोजन प्रदेश के स्थापना दिवस को राज्य की प्रगति के साथ-साथ भारतीय सेना के शौर्य और पराक्रम से जोड़ने का एक अनूठा अवसर है। उन्होंने बताया कि मंत्रिपरिषद के सदस्यों को अलग-अलग जिलों की जिम्मेदारी सौंपी गई है, जहां वे जिला स्तरीय स्थापना दिवस समारोहों में सहभागिता करेंगे। किसान कल्याण वर्ष अंतर्गत आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं एवं कार्यक्रमों के विजेताओं को पुरस्कार भी वितरित किए जाएंगे।
कार्यक्रम में महापौर मालती राय, विधायक भगवानदास सबनानी, मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल, अपर मुख्य सचिव संजय शुक्ला, सचिव स्कूल शिक्षा संजय गोयल, लेप्टिनेट जनरल अरविंद चौहान, मेजर जनरल जे.पी. सिंह, विकास लाल तथा सेना के अधिकारी उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत