सना, 01 नवंबर (हि.स.)। यमन में ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों ने होदेदा विश्वविद्यालय पर दो हवाई हमले होने का दावा किया है। हूती संचालित अल-मसीरा टीवी चैनल के अनुसार, हमलों में विश्वविद्यालय के चिकित्सा संकाय को निशाना बनाया गया। संगठन ने इन हमलों के लिए सऊदी अरब को जिम्मेदार ठहराया है।
हालांकि, हमलों में किसी के हताहत होने की तत्काल कोई जानकारी सामने नहीं आई है। सऊदी अरब की ओर से भी आरोपों पर तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई।
रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण बंदरगाह शहर होदेदा पिछले कई महीनों से संघर्ष का केंद्र बना हुआ है। यहां हूती विद्रोहियों और सऊदी समर्थित सरकारी बलों के बीच लड़ाई तेज होने के बाद यमन में गृहयुद्ध ने फिर गंभीर रूप ले लिया है। इस संघर्ष के कारण देश पहले से ही लंबे समय से मानवीय संकट का सामना कर रहा है।
-----------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय