हमले का जवाब देने को तैयार ईरान का दावा, अमेरिकी युद्धपोत बच नहीं पाएंगे

01 Nov 2026 14:33:53
536f81858c1ab52af85ab3b2b9c4e1aa_2083490169.jpg


तेहरान (ईरान), 01 नवंबर (हि.स.)। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ईरान पर नए हमले की चेतावनी पर तीखी प्रतिक्रिया हुई है। ईरान के सबसे ताकतवर इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) ने कहा कि अमेरिका और इजराइल के संभावित हमले का जवाब देने के लिए ईरान पूरी तरह तैयार है। तैयारी इस स्तर पर की गई है कि अगर अमेरिका लड़ाई में अपने युद्धपोत झोंकता है तो उन्हें समुद्र में दफन कर दिया जाएगा।

अल जजीरा की रिपोर्ट में 'फार्स' न्यूज एजेंसी के हवाले से बताया है गया कि आईआरजीसी के राजनीतिक मामलों के उप प्रमुख, ब्रिगेडियर जनरल यादुल्लाह जवनी के मुताबिक ईरानी सेना इस संभावना को ध्यान में रखकर काम कर रही है कि अमेरिका या इजराइल कभी भी हमला कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि सेना दुश्मन की किसी भी चाल का सामना करने के लिए पूरी तरह तैयार है।

उन्होंने कहा कि ईरान को अचानक चौंकाया नहीं जा सकेगा और वह जरूरत के हिसाब से जवाब देगा।

जवनी ने कहा कि ईरान की सैन्य क्षमता पहले से सुदृढ़ हो गई है। हमले का अंदेशा होते ही जवाबी हमले शुरू कर दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि ईरान ऐसी स्थिति में अमेरिकी युद्धपोतों पर भारी और विनाशकारी हमला करेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर दुश्मन की सेना हमारे किसी भी इलाके में घुसने की कोशिश करती है, वह क्षेत्र मौत का मैदान बन जाएगा।

इस बीच ईरान के सुरक्षा प्रमुख मोहसेन रेजाई ने चेतावनी दी कि अगर ईरान पर हमला होता है तो वह नए हथियारों का इस्तेमाल करके हमलावर को करारा जवाब देगा। उन्होंने यह भी दोहराया कि कूटनीति को आगे बढ़ाने के लिए ईरान की सात शर्तों को पूरा करना जरूरी है। रेजाई ने कहा कि देश के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला मोजतबा खामेनेई के आह्वान से सशस्त्र बलों का हौसला बढ़ा है।

इससे पहले अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने फ्लोरिडा स्थित अपने आवास पर पत्रकारों से बातचीत की। उन्होंने कहा कि ईरान की सेना को काफी हद तक कमजोर किया जा चुका है। युद्ध रोकने के लिए बातचीत सही दिशा में आगे बढ़ रही है। अमेरिका को आक्रामक कार्रवाई करने की जल्दी नहीं है।

ट्रंप ने कहा, हमने उनके परमाणु कार्यक्रम को नष्ट कर दिया है। अभी भी एक या दो ऐसी जगहें हैं, जहां हमला कर उन्हें नष्ट करना है। उन्होंने एक संदिग्ध भूमिगत परमाणु परिसर का जिक्र करते हुए कहा, आप 'पिकएक्स माउंटेन' को देख सकते हैं। वहां हम जल्द हमला कर सकते हैं। हालांकि ईरान ने इससे इनकार किया है कि वहां कोई परमाणु गतिविधि चल रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकुंद

Powered By Sangraha 9.0