काहिरा, 01 नवंबर (हि.स.)। गाजा पट्टी में रविवार को इजराइल के दो अलग-अलग हवाई हमलों में कम-से-कम आठ फिलिस्तीनियों की मौत हो गई। मरने वालों में पांच पुलिस अधिकारी भी शामिल हैं। चिकित्सा कर्मियों और हमास के नियंत्रण वाले गृह मंत्रालय ने यह जानकारी दी।
चिकित्सा कर्मियों के मुताबिक, गाजा सिटी में हुए इजराइली हवाई हमले में तीन लोगों की मौत हुई। वहीं, गृह मंत्रालय ने बताया कि दक्षिणी गाजा के पश्चिमी खान यूनिस इलाके में एक अन्य हमले में पांच पुलिस अधिकारी मारे गए।
इजराइली सेना ने खान यूनिस में कई आतंकवादियों को निशाना बनाने की बात कही है। हालांकि, सेना ने इस कार्रवाई के संबंध में विस्तृत जानकारी नहीं दी।
इजराइल का आरोप है कि हमास एक साल पुराने युद्धविराम का उल्लंघन करते हुए दोबारा हथियार जुटा रहा है और हमले कर रहा है। इसी के मद्देनजर इजराइल ने हाल के सप्ताहों में हमास के ठिकानों पर हमले तेज किए हैं। दूसरी ओर, हमास ने हमले की तैयारी करने और अपने हथियारों का जखीरा दोबारा तैयार करने के आरोपों को खारिज किया है। संगठन का आरोप है कि इजराइल गाजा शांति समझौते को कमजोर कर रहा है।
----------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय