
मुंबई, 10 नवंबर (हि.स.)। अभिनेता अर्जुन रामपाल और प्रियामणि की सस्पेंस थ्रिलर फिल्म 'द ब्लाइंड गेम' 11 नवंबर से ओटीटी प्लेटफॉर्म जी5 फ्री 5 पर स्ट्रीम होगी। दिवंगत निर्देशक संगीत सिवन के निर्देशन में बनी यह उनके करियर की आखिरी फिल्म है। इस वजह से फिल्म उनके प्रशंसकों और सिनेमा जगत के लिए खास महत्व रखती है। फिल्म में अर्जुन और प्रियामणि के अलावा आकाश माखीजा और रोहित चंदेल भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।
क्रिसमस की एक रहस्यमयी रात की पृष्ठभूमि पर बनी इस फिल्म की कहानी दोस्तों के एक समूह के इर्द-गिर्द घूमती है। पांच करोड़ रुपये की गुमशुदगी और एक कुख्यात अपराध सरगना की दुनिया में फंसने के बाद इन दोस्तों की जिंदगी बदल जाती है। मामले की जांच शुरू होने पर एक आईपीएस अधिकारी के सामने कई चौंकाने वाले राज खुलते हैं। कथित आत्महत्या, अलग-अलग बयान और छिपे हुए सच कहानी में सस्पेंस को और गहरा करते हैं। जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ती है, दोस्तों के लिए यह समझना मुश्किल हो जाता है कि किस पर भरोसा किया जाए।
अर्जुन रामपाल के मुताबिक, फिल्म की कहानी में लगातार बदलते नजरिए, धोखे और किरदारों के फैसले दर्शकों को रोमांचक अनुभव देंगे। फिल्म के निर्माता कुशाग्र शर्मा और सृष्टि शर्मा ने भी उम्मीद जताई है कि इसकी रहस्यमयी कहानी दर्शकों को पसंद आएगी। फिल्म का निर्माण थंडरस्काई एंटरटेनमेंट और सोहम रॉकस्टार एंटरटेनमेंट के बैनर तले किया गया है। इसके निर्माता सृष्टि शर्मा, कुशाग्र शर्मा, दीपक मुकुट और हुनर मुकुट हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे