विश्व भर के लोगों को जीवन की दिशा देने का काम कर रही है भारतीय संस्कृति, विदेशों में भी मनाई जाती है दीपावाली : दत्तात्रेय होसबोले

युगवार्ता    10-Nov-2026
Total Views |
गाेवर्धन पूजा के दाैरान आरएसएस के सह सर कार्यवाह दत्तात्रेय होसबोले


गाेवर्धन पूजा के दाैरान आरएसएस के सह सर कार्यवाह दत्तात्रेय होसबोले


भारत को विश्व गुरु बनाने के लिए किसी प्रमाण पत्र की आवश्यकता नहीं वृंदावन के केशवधाम में गोवर्धन पूजा और अन्नकूट महोत्सव का भव्य आयोजनगोवर्धन पूजा का सांस्कृतिक व धार्मिक महत्व

मथुरा, 10 नवम्बर(हि.स.)। दीपावली के पश्चात वृंदावन के केशवधाम में मंगलवार दोपहर गोवर्धन पूजा और अन्नकूट महोत्सव के अवसर पर एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस विशेष आयोजन में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबोले मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में भाजपा और आरएसएस से जुड़े तमाम पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि दत्तात्रेय होसबोले एवं अन्य विशिष्ट अतिथियों द्वारा भारत माता और भगवान श्रीकृष्ण के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस दौरान भारतीय संस्कृति, परंपराओं, सामाजिक समरसता, प्रकृति संरक्षण और आत्मनिर्भर समाज निर्माण का संदेश दिया गया।

वक्ताओं ने कहा कि गोवर्धन पूजा का पर्व भगवान श्रीकृष्ण की उस दिव्य लीला का स्मरण कराता है, जब उन्होंने अपनी कनिष्ठ अंगुली पर गिरिराज गोवर्धन पर्वत उठाकर ब्रजवासियों और ब्रज की रक्षा करते हुए इंद्र का मान भंग किया था। इसी प्रसंग से अन्नकूट महोत्सव की परंपरा जुड़ी हुई है। केशवधाम में आयोजित इस कार्यक्रम में इसी धार्मिक व सांस्कृतिक परंपरा के साथ समाज को एकजुट रहने का संदेश दिया गया।

सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबोले ने भारतीय संस्कृति की वैश्विक पहचान का उल्लेख करते हुए कहा कि धनतेरस से भाई दूज तक मनाया जाने वाला दीपावली का पर्व केवल भारत तक सीमित नहीं है, बल्कि दुनिया के अनेक देशों में रहने वाले भारतीय भी इसे पूरे उत्साह के साथ मनाते हैं। त्रिनिदाद जैसे देशों में दीपावली के बड़े आयोजन होते हैं, जहाँ हजारों लोग सांस्कृतिक कार्यक्रमों में शामिल होते हैं, वहीं अमेरिका के कई राज्यों में भी दीपावली को विशेष मान्यता दी गई है।

अपने संबोधन में कहा कि भारतीय संस्कृति, योग, भगवद्गीता, रामायण और महाभारत का ज्ञान आज विश्व भर के लोगों को जीवन की दिशा देने का काम कर रहा है। आज जब दुनिया के कई हिस्सों में अशांति और आपसी द्वेष दिखाई दे रहा है, तब भारत अपनी संस्कृति और जीवन मूल्यों के माध्यम से मानवता को नई दिशा दे सकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि भारत को विश्व गुरु बनाने के लिए किसी अंतरराष्ट्रीय संस्था या संयुक्त राष्ट्र संघ के प्रमाण पत्र की आवश्यकता नहीं है, क्योंकि भारत की जीवनशैली, चिंतन और संस्कृति ही उसकी वास्तविक पहचान हैं। केवल ग्रंथों का बखान करने से काम नहीं चलेगा, बल्कि उनके आदर्शों को अपने जीवन में उतारकर दुनिया के सामने उदाहरण प्रस्तुत करना होगा।

कार्यक्रम में बच्चों द्वारा प्रस्तुत की गई मल्ल विद्या प्रदर्शन को देख सभी अतिथि अचंभित रह गए। इस दौरान अखिल भारतीय संपर्क प्रमुख रामलाल, राज्यसभा सांसद तेजवीर सिंह, विधायक श्रीकांत शर्मा, राजेश चौधरी, मेघश्याम सिंह, पूरन प्रकाश, समाजसेवी शोभाराम शर्मा, रमाकांत कठेरिया, नारायण दास अग्रवाल, रामकृष्णा अग्रवाल, राजेश खुराना, अमित जैन, अतुल कृष्ण भारद्वाज, रविकांत गर्ग, जितेन्द्र वार्ष्णेय, विनीत शर्मा, विजय राघव और वैभव अग्रवाल सहित कई गणमान्य लोग प्रमुख रूप से मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार

Tags