भारत चालू वित्त वर्ष में एक लाख करोड़ डॉलर का निर्यात लक्ष्य पाने की राह पर : गोयल

10 Nov 2026 22:51:53
'भारत मोबिलिटी ग्लोबल एक्सपो 2027' के शुरुआती कार्यक्रम को संबोधित करते पीयूष गोयल


नई दिल्ली, 10 नवंबर (हि.स.)। केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने मंगलवार को भरोसा जताया कि भारत चालू वित्त वर्ष 2026-27 में वस्तुओं एवं सेवाओं के निर्यात का एक लाख करोड़ डॉलर का लक्ष्य हासिल कर लेगा।

गोयल ने 'भारत मोबिलिटी ग्लोबल एक्सपो 2027' के कर्टेन रेजर (शुरुआती कार्यक्रम) को संबोधित करते हुए यह बात कही। उन्होंने कहा कि वित्त वर्ष 2026-27 की पहली छमाही में ही देश का कुल निर्यात 480 अरब डॉलर तक पहुंच गया है, जो निर्धारित सालाना लक्ष्य का 48 फीसदी है।

केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री ने ‘भारत मोबिलिटी ग्लोबल एक्सपो 2027’ के संदर्भ में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा, ”हम निर्यात लक्ष्य का 48 फीसदी हासिल कर चुके हैं… हम लक्ष्य हासिल करने की राह पर हैं। यह लक्ष्य बेहद महत्वपूर्ण है और हमें इसे हासिल करना है।” उन्होंने वाहन उद्योग से घरेलू बाजार के साथ वैश्विक बाजारों पर भी ध्यान देने और निर्यात बढ़ाने का आग्रह किया।

उल्लेखनीय है कि भारत मोबिलिटी ग्लोबल एक्सपो 2027' का तीसरा संस्करण 4 से 9 फरवरी, 2027 तक नई दिल्ली में आयोजित किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Powered By Sangraha 9.0