
मुंबई, 10 नवंबर (हि.स.)। नितेश तिवारी की फिल्म 'रामायण' रिलीज होने के बाद से ही चर्चा में है। फिल्म को लेकर दर्शकों की मिली-जुली प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं, वहीं फिल्मी सितारे भी इसके कलाकारों और निर्माण की तारीफ कर रहे हैं।
हालांकि, दिग्गज अभिनेता मुकेश खन्ना ने फिल्म के कुछ पहलुओं पर सवाल उठाते हुए इसकी आलोचना की है। खासतौर पर सीता का किरदार निभा रहीं साई पल्लवी के एक्शन दृश्य पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताई और निर्माताओं को इसके लिए शर्म करने की बात कही।
मुकेश ने अपने ब्लॉग में लिखा कि फिल्म के बजट और कमाई को लेकर ज्यादा चर्चा हो रही है, जबकि असली सवाल यह होना चाहिए कि क्या रामायण की कथा को सही तरीके से प्रस्तुत किया गया है। उन्होंने 'रामायण' और 'महाभारत' जैसे महाकाव्यों में बदलाव करने, अपनी कल्पना जोड़ने और मूल प्रसंगों से छेड़छाड़ करने को लेकर भी सवाल उठाए। अभिनेता का कहना है कि वाल्मीकि 'रामायण' में माता सीता के युद्ध करने या लड़ाई में हिस्सा लेने का उल्लेख नहीं मिलता। ऐसे में उन्हें फिल्म में एक्शन करते दिखाना कथा की मूल भावना से अलग है।
मुकेश ने यह भी कहा कि निर्माताओं ने इस दृश्य का आधार 'अद्भुत रामायण' को बताया है, लेकिन उनके मुताबिक वाल्मीकि 'रामायण' में अपनी कल्पना जोड़कर कहानी पेश करना उचित नहीं है। उन्होंने निर्माताओं से धार्मिक महाकाव्यों को प्रस्तुत करते समय उनकी मूल कथा और मर्यादा का ध्यान रखने की अपील की।
गौरतलब है कि फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता और यश रावण की भूमिका में हैं। रवि दुबे भी फिल्म का हिस्सा हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे