उत्तर प्रदेश में फिर होगी ऐतिहासिक जीत, भाजपा से गठबंधन आज भी है और कल भी रहेगा - संजय निषाद

10 Nov 2026 17:34:53
ए


नई दिल्ली, 10 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और सहयोगी दलों के बीच सीट बंटवारे को लेकर हलचल तेज हो चली है। मंगलवार को निषाद पार्टी के अध्यक्ष डॉ. संजय निषाद ने भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन से मुलाकात कर पिछली बार के मुकाबले ज्यादा सीटों पर लड़ने की इच्छा जताई।

मुलाकात के बाद निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद ने भाजपा मुख्यालय में पत्रकारों से बातचीत में बताया कि 2019 से चला आ रहा गठबंधन 2027 में भी ऐतिहासिक जीत दर्ज करेगा।

उन्होंने कहा कि 2019 में हम लोग गठबंधन में आए थे, तब से लगातार ऐतिहासिक जीत मिल रही है। 2027 में भी यही सिलसिला जारी रहेगा।

उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश को लेकर अहम मुलाकात हुई है, जिसमें जीत के समीकरण को मजबूत करने पर चर्चा हुई। छोटे भाई के नाते इस बार उन सीटों पर भी विचार करने का आग्रह किया गया है जहां पर मल्लाह जाति के लोगों की संख्या अधिक है। उन्होंने कहा कि इस बार उन सीटों पर भी बात की गई जहां भाजपा की जीत नहीं हुई है।

गठबंधन जारी रहेगा या नहीं, इस सवाल पर उन्होंने कहा, “निश्चित रूप से जारी रहेगा। अभी भी है, कल भी होगा। हम लोग जिसके साथ हैं, उसी के साथ रहेंगे।”

उल्लेखनीय है कि साल 2022 में उत्तर प्रदेश की 403 विधान सभा सीटों के लिए हुए चुनाव में निषाद पार्टी ने 17 सीटों पर चुनाव लड़ा था जिसमें पार्टी ने 6 सीटों पर जीत हासिल की थी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी

Powered By Sangraha 9.0