श्रीराम जनरल इंश्योरेंस ने 2026-27 की पहली छमाही में अर्जित की 21 फीसदी की ग्रोथ

युगवार्ता    10-Nov-2026
Total Views |
श्रीराम जनरल इंश्योरेंस के लोगो का प्रतीकात्मक चित्र


नई दिल्ली, 10 नवंबर (हि.स.)। श्रीराम जनरल इंश्योरेंस कंपनी ने वित्त वर्ष 2026-27 की पहली छमाही में शानदार वित्तीय प्रदर्शन करते हुए सकल प्रत्यक्ष प्रीमियम आय (जीडीपीआई) में सालाना आधार पर 21 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की है। कंपनी ने इस दौरान कुल 2,470.41 करोड़ रुपये का प्रीमियम अर्जित किया है।

कंपनी ने मंगलवार को एक बयान में कहा कि श्रीराम जनरल इंश्योरेंस कंपनी (एसजीआई) ने अपने कारोबार के सभी प्रमुख क्षेत्रों में बेहतर प्रदर्शन के दम पर चालू वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही में भी अपनी तेज गति से बढ़ोतरी हासिल की। खास बात यह है कि कंपनी ने कारोबार के प्रमुख क्षेत्रों में पूरी सामान्य बीमा इंडस्ट्री के मुकाबले कहीं बेहतर प्रदर्शन किया है।

श्रीराम जनरल इंश्योरेंस के अनुसार कंपनी की ग्रॉस डायरेक्ट प्रीमियम (जीडीपी) आय वित्त वर्ष 2026-27 की पहली छमाही में सालाना आधार पर 21 फीसदी बढ़कर 2,470.41 करोड़ रुपए हो गई। पिछले वित्त वर्ष की इसी अवधि में यह 2,045.46 करोड़ रुपये रही थी। इस दौरान जनरल इंश्योरेंस इंडस्ट्री की ग्रोथ 9 फीसदी तक सीमित रही।

श्रीराम जनरल इंश्योरेंस ने बताया कि पहली तिमाही में शुरू हुई तेज वृद्धि दर दूसरी तिमाही में भी जारी रही। वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही में कंपनी की जीडीपी 18.94 फीसदी बढ़कर 1,290.59 करोड़ रुपये हो गई, जबकि पिछले वित्त वर्ष इसी तिमाही में यह 1,085.08 करोड़ रुपये ही थी। इस दौरान कंपनी की वृद्धि दर भी पूरे सामान्य बीमा क्षेत्र की 6.97 फीसदी की रफ्तार से काफी अधिक रही।

कंपनी ने बताया कि कारोबार का सबसे बड़ा हिस्सा मोटर इंश्योरेंस से ही आता है। इसने वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही में अर्जित बढ़ोतरी में सबसे अहम भूमिका निभाई। मोटर इंश्योरेंस का प्रीमियम पिछले साल के 1,002 करोड़ रुपए से 19 फीसदी बढ़कर 1,189 करोड़ रुपये हो गया। प्रीमियम में इस तेज बढ़ोतरी के साथ ही कंपनी ने अपने मुनाफे वाले कारोबार को बढ़ाने पर भी खास ध्यान दिया।

इसके अलावा वित्त वर्ष 2026-27 की पहली छमाही में कंपनी का शुद्ध मुनाफा (पीएटी) सालाना आधार पर 7.28 फीसदी बढ़कर 289.04 करोड़ रुपये हो गया। पिछले साल इसी अवधि में यह 269.42 करोड़ रुपये ही था। कंपनी ने सशक्त वित्तीय सेहत को दर्शाते हुए सितंबर 2026 तक 2.62 का सॉल्वेंसी रेशियो बनाए रखा। यह नियामक की ओर से तय 1.50 की न्यूनतम सीमा से काफी अधिक है।

कंपनी के एमडी एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) अनिल अग्रवाल ने कहा, वित्त वर्ष 2026-27 की पहली छमाही में श्रीराम जनरल इंश्योरेंस (एसजीआई) का प्रदर्शन हमारे कारोबार के मजबूत मॉडल और अनुशासित तरीके से ग्रोथ पर लगातार ध्यान देने को दर्शाता है।

उन्होंने कहा कि हमने अपने मुख्य मोटर इंश्योरेंस कारोबार में तेज रफ्तार बनाए रखी है। इसके साथ ही व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा और गैर-वाहन बीमा जैसे क्षेत्र में भी अच्छी बढ़ोतरी दर्ज की है। हमारी ताकतवर वितरण रणनीति से हमें फायदा मिला है। आगे भी हम अपने वितरण नेटवर्क को मजबूत करने, ग्राहकों के अनुभव को बेहतर बनाने और ज्यादा से ज्यादा लोगों तक बीमा की पहुंच बढ़ाने पर काम करते रहेंगे। टिकाऊ और मुनाफे वाली ग्रोथ बनाए रखने पर भी हमारा ध्यान बना रहेगा।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Tags