बारिश ने चौथे दिन का खेल धोया, भारत ए-न्यूजीलैंड ए के बीच ड्रॉ रही टेस्ट सीरीज

10 Nov 2026 14:23:53
शॉट खेलते यशस्वी जायसवाल


लिंकन, 10 नवंबर (हि.स.)। भारत ए और न्यूजीलैंड ए के बीच खेली गई तीन मैचों की अनौपचारिक टेस्ट सीरीज का तीसरा और अंतिम मुकाबला भी ड्रॉ पर समाप्त हो गया। चौथे दिन बारिश के कारण खेल नहीं हो सका और इसके साथ ही पूरी सीरीज भी बराबरी पर खत्म हुई। चार दिवसीय तीनों मुकाबलों में कोई नतीजा नहीं निकल सका।

मैच के चौथे दिन का खेल समाप्त होने तक न्यूजीलैंड ए ने दूसरी पारी में दो विकेट पर 36 रन बनाए थे। डीन फॉक्सक्रॉफ्ट 10 और जैक गिब्सन एक रन बनाकर नाबाद थे। न्यूजीलैंड ए को जीत के लिए अभी 428 रन की जरूरत थी। इससे पहले न्यूजीलैंड ए ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था।

भारत ए ने पहली पारी में पांच विकेट पर 464 रन बनाकर अपनी स्थिति मजबूत की थी। टीम को यशस्वी जायसवाल और साई सुदर्शन ने पहले विकेट के लिए 175 रन की शानदार साझेदारी दिलाई। जायसवाल ने 138 गेंदों पर 16 चौकों और दो छक्कों की मदद से 102 रन बनाए, जबकि सुदर्शन ने 215 गेंदों पर 11 चौकों की सहायता से 88 रन की पारी खेली।

इसके बाद तिलक वर्मा ने 164 गेंदों पर पांच चौकों और दो छक्कों की मदद से 81 रन बनाए। कप्तान ध्रुव जुरेल ने 95 गेंदों पर नौ चौकों और दो छक्कों की मदद से 71 रन जोड़े। वहीं, वाशिंगटन सुंदर 107 गेंदों पर 50 रन बनाकर नाबाद रहे। न्यूजीलैंड ए की ओर से जैक गिब्सन ने दो विकेट लिए।

पडिक्कल रहे भारत ए के शीर्ष स्कोरर

आगामी 19 नवंबर से शुरू होने वाली टेस्ट सीरीज से पहले भारत ए के बल्लेबाजों का प्रदर्शन सकारात्मक रहा। देवदत्त पडिक्कल तीन मैचों की पांच पारियों में 65.20 की औसत से 326 रन बनाकर टीम के शीर्ष स्कोरर रहे। उन्होंने एक शतक और एक अर्धशतक लगाया।

यशस्वी जायसवाल ने तीन मैचों की पांच पारियों में 69.75 की औसत से 279 रन बनाए। उन्होंने दो शतक लगाए और शुरुआती कुछ पारियों में कम स्कोर के बाद लगातार दो शतक जड़े। साई सुदर्शन ने 46.20 की औसत से 231 रन बनाए, जिसमें दो अर्धशतक शामिल रहे। कप्तान ध्रुव जुरेल ने चार पारियों में 44.75 की औसत से 179 रन बनाए। उनके नाम एक शतक और एक अर्धशतक रहा।

बिना अंतरराष्ट्रीय अनुभव वाले बल्लेबाज यश राठौड़ का प्रदर्शन भी भारत ए के लिए सकारात्मक रहा। उन्होंने दो मैचों में 111.50 की औसत से 223 रन बनाए, जिसमें एक शतक और एक अर्धशतक शामिल है। गेंदबाजी में औकिब नबी ने एक मैच में छह विकेट, जबकि मोहम्मद सिराज ने एक मैच में चार विकेट लेकर प्रभावित किया।

------------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Powered By Sangraha 9.0