दीपावली पर यूपीआई लेनदेन की संख्या 32 फीसदी बढ़कर 91.69 करोड़ रही

युगवार्ता    10-Nov-2026
Total Views |
यूपीआई के लोगो का प्रतीकात्मक चित्र


नई दिल्ली, 10 नवंबर (हि.स.)। दीपावली के मौके पर आखिरी समय में अधिक खरीदारी किए जाने से एकीकृत भुगतान प्रणाली (यूपीआई) के जरिये लेनदेन की संख्या में सालाना आधार पर 32 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई।

भारतीय राष्ट्रीय भुगतान निगम (एनपीसीआई) के जारी आंकड़ों के अनुसार आठ नवंबर को यूपीआई के जरिये लेनदेन की संख्या बढ़कर 91.69 करोड़ (916.9 मिलियन) हो गई। पिछले साल दिवाली के दिन यूपीआई के जरिये कुल 69.57 करोड़ (695.7 मिलियन) लेनदेन हुए थे।

एनपीसीआई के मुताबिक मूल्य के लिहाज से यूपीआई के जरिये लेनदेन बढ़कर 90,029.43 करोड़ रुपये पर पहुंच गया, जो पिछले साल इसी दिन 88,350.79 करोड़ रुपये था। दिवाली से एक दिन पहले यूपीआई के जरिये लेनदेन की संख्या 97.58 करोड़ थी, जिनके माध्यम से कुल 1,36,118 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया। त्योहारी खरीदारी के साथ अक्टूबर में यूपीआई लेनदेन की संख्या 25.47 अरब के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई थी। इस दौरान लेनदेन का कुल मूल्य 31.53 लाख करोड़ रुपये रहा।

यूपीआई एनपीसीआई द्वारा विकसित एक तत्काल भुगतान प्रणाली है। भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) और भारतीय बैंक संघ (आईबीए) की पहल पर गठित एनपीसीआई देश में खुदरा भुगतान तथा निपटान प्रणालियों के संचालन के लिए शीर्ष संगठन है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Tags