
गुवाहाटी, 11 नवंबर (हि.स.)। गुवाहाटी के नजदीक डिगारू में आज सुबह कोलकाता-साइरंग एक्सप्रेस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (पूसीरे) के सीपीआरओ कपिंजल किशोर शर्मा ने बताया कि बुधवार की सुबह लगभग 06:54 बजे, असम की राजधानी के डिगारू रेलवे स्टेशन पर ट्रेन नंबर 13125 कोलकाता- साइरंग एक्सप्रेस को एक दूसरी ट्रेन को रास्ता देने के लिए रोका जा रहा था। इस दौरान लोको पायलट ट्रेन की गति को नियंत्रित नहीं कर सके, जिससे ट्रेन पटरी से उतर गई। इस दुर्घटना में इंजन और 5 कोच पटरी से उतर गए।
उन्होंने बताया कि सभी यात्री सुरक्षित हैं और किसी को भी कोई गंभीर चोट नहीं आई है। यात्रियों को उनकी मंजिल तक पहुंचाने के लिए दूसरी ट्रेन की व्यवस्था की गई है। राहत और बचाव कार्य तुरंत शुरू कर दिए गए हैं और महाप्रबंधक (जनरल मैनेजर) तथा अन्य अधिकारी घटनास्थल के लिए रवाना हो गए हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय