शीतकाल के लिए बंद हो गए केदारनाथधाम के कपाट

11 Nov 2026 09:06:53
बाबा केदार की डोली ऊखीमठ के ओंकारेश्वर मंदिर के लिए रवाना होगी। फोटो - इंटरनेट मीडिया


केदारनाथधाम (उत्तराखंड), 11 नवंबर (हि.स.)। हिमालय की गोद में बसे बाबा केदानाथ के पवित्र धाम के कपाट शीतकाल के लिए पारंपरिक अनुष्ठान और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच आज सुबह 8:30 बजे बंद किए गए। बाबा केदार की उत्सव डोली (चल विग्रह उत्सव डोली) अब ऊखीमठ के ओंकारेश्वर मंदिर जाएगी। ओंकारेश्वर मंदिर सर्दियों के दौरान भगवान का निवास स्थान होता है।

कपाट बंद होने का यह अवसर भाई दूज के दिन पड़ा। मंदिर के लगभग छह महीने तक बंद रहने से पहले देश-विदेश से आए भक्त भगवान शिव के दर्शन करने और उनका आशीर्वाद लेने के लिए यहां एकत्र हुए। केदारनाथ धाम के मुख्य पुजारी गंगाधर लिंग महाराज ने बताया कि कपाट बंद करने की प्रक्रिया निर्धारित धार्मिक अनुष्ठानों के अनुसार पूरी की गई।

उन्होंने कहा, आज भाई दूज है। सुबह भगवान का महाभिषेक किया गया, विशेष प्रार्थनाएं हुईं और सुबह 8:30 बजे मंदिर के मुख्य कपाट बंद कर दिए गए। अब बाबा केदार की उत्सव डोली को ऊखीमठ के ओंकारेश्वर मंदिर ले जाया जाएगा, जहां सर्दियों के महीनों में भगवान की पूजा-अर्चना की जाएगी।

रुद्रप्रयाग की पुलिस अधीक्षक निहारिका तोमर ने बताया कि कपाट बंद होने के समारोह और उसके बाद उत्सव डोली की यात्रा के लिए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। तोमर ने बताया कि गद्दी (देवता का आसन) को यहां से ऊखीमठ स्थित शीतकालीन गद्दी तक ले जाया जाएगा। पुलिस ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। आज डोली के लिए 'गार्ड ऑफ ऑनर' और मोबाइल गार्ड तैनात किए गए हैं।

उन्होंने बताया कि डोली के रास्ते में पड़ने वाले प्रमुख पड़ावों पर भी सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं। अगले साल मंदिर के फिर से खुलने तक जिला पुलिस बल केदारनाथ में तैनात रहेगा, साथ ही भारत-तिब्बत सीमा पुलिस की एक टुकड़ी भी तैनात रहेगी। तोमर ने कहा कि ऊखीमठ में शीतकालीन तीर्थयात्रा के दौरान सुरक्षा यातायात और मार्ग प्रबंधन के लिए इंतजाम किए जा रहे हैं। उन्होंने श्रद्धालुओं से दर्शन के लिए ओंकारेश्वर मंदिर जाने की अपील की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकुंद

Powered By Sangraha 9.0