कमोडिटी मार्केट में क्रूड ऑयल की छलांग, गोल्ड और सिल्वर फ्यूचर्स में भी तेजी

11 Nov 2026 18:43:53
प्रतीकात्मक


नई दिल्ली, 11 नवंबर (हि.स.)। घरेलू कमोडिटी मार्केट (मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज-एमसीएक्स) में आज सोना और चांदी की ट्रेडिंग में तेजी का रुख बना रहा, जबकि एनर्जी मार्केट में क्रूड ऑयल की कीमत में भी सुधार दर्ज किया गया। बेस मेटल सेगमेंट में आज निवेशकों की अत्यधिक सतर्कता के कारण मिला-जुला कारोबार होता रहा।

मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर आज गोल्ड और सिल्वर फ्यूचर की कीमतों में जोरदार उछाल आया। शाम के सत्र तक एमसीएक्स पर सोना वायदा 945 रुपये से अधिक की तेजी के साथ 1,41,470 रुपये से 1,41,855 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर के पास कारोबार कर रहा था। इसी तरह चांदी वायदा भी 3,369 रुपये से अधिक की बड़ी छलांग लगाकर 1,85,945 रुपये प्रति किलोग्राम के ऊपर मजबूती से ट्रेड करता हुआ देखा गया।

एनर्जी मार्केट और क्रूड ऑयल सेगमेंट में पिछले सत्र की भारी गिरावट के बाद आज के सत्र में निचले स्तर से अच्छी रिकवरी दर्ज की गई।

मध्य एशिया में आपूर्ति बाधित होने की आशंकाओं के चलते अंतरराष्ट्रीय बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड आज भारतीय समय के अनुसार शाम 6:30 बजे वैश्विक बाजार में करीब 1.93 प्रतिशत की बढ़त के साथ 93.25 डॉलर प्रति बैरल के स्तर पर पहुंच गया था। इसी तरह अमेरिकी क्रूड यानी वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट (डब्ल्यूटीआई) भी 1.62 प्रतिशत की बढ़त दर्ज करते हुए 87.35 डॉलर प्रति बैरल के स्तर पर पहुंच कर कारोबार कर रहा था। घरेलू बाजार में एमसीएक्स क्रूड ऑयल फ्यूचर्स 8,088 रुपये प्रति बैरल के आसपास बना हुआ है।

दूसरी ओर, औद्योगिक धातुओं यानी बेस मेटल सेगमेंट में आज मिला-जुला और सतर्क रुख बना हुआ नजर आ रहा है। कमोडिटी एक्सचेंज पर कॉपर के भाव में जहां हल्की मजबूती बनी हुई है। एल्यूमिनियम के भाव में बिकवाली का दबाव हावी नजर आया। एमसीएक्स पर एल्यूमिनियम वायदा कमजोरी दिखाते हुए 325.30 रुपये प्रति किलोग्राम के स्तर के आसपास कारोबार करता हुआ देखा गया।

कमोडिटी बाजार के जानकारों का कहना है कि अमेरिका में महंगाई के आंकड़े उम्मीद से अधिक रहने और जियो-पॉलिटिकल अनसर्टेनिटी के चलते सोने और चांदी के लिए सेफ इन्वेस्टमेंट डिमांड को लगातार सहारा मिल रहा है। घरेलू सर्राफा बाजार में शादियों के आगामी सीजन की फिजिकल डिमांड भी इन कीमती धातुओं को ऊपरी स्तरों पर मजबूती दे रही है।

इसी तरह जानकारों का मानना है कि मध्य एशिया में एक बार फिर तनाव बढ़ने की आशंका की वजह से एनर्जी मार्केट में दोबारा उछाल आ सकता है। ऐसा होने पर क्रूड ऑयल में एक बार फिर तेजी आ सकती है। अंतरराष्ट्रीय निवेश बैंक गोल्डमैन सैक्स ने भी मध्य एशिया में ऑयल की सप्लाई में बाधा आने की आशंका को देखते हुए दिसंबर के लिए ब्रेंट क्रूड के अनुमान को बढ़ाकर 105 डॉलर प्रति बैरल कर दिया है, जिससे एनर्जी मार्केट में आगे भी उतार-चढ़ाव बने रहने की संभावना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक

Powered By Sangraha 9.0