भारत ने कृषि उत्पादन के तोड़े हैं कई रिकॉर्ड : शिवराज सिंह चौहान

11 Nov 2026 20:22:53
वीडियो कान्फ्रेंस से टीवी कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शिवराज सिंह


भोपाल, 11 नवंबर (हि.स.)। केन्द्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि भारत ने कृषि उत्पादन के कई रिकॉर्ड तोड़े हैं। अभी चावल के उत्पादन में चीन को पीछे छोड़कर हम दुनिया में नंबर-1 हो गए हैं। भारत प्याज का भी सबसे बड़ा उत्पादक देश इस समय बन गया है। आज देश में रिकॉर्ड उत्पादन 377 मीट्रिक टन अनाज और 378 मीट्रिक टन फल और सब्जियों का हो रहा है।

केंद्रीय मंत्री चौहान बुधवार को भोपाल से एक टीवी कार्यक्रम को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए संबोधित कर रहे थे। उन्होंने अपने सोशल मीडिया एक्स पर उक्त वीडियो साझा किए हैं। उन्होंने कहा कि गेहूं और चावल अब केवल हमारे देश की आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए नहीं है, आज हम दुनिया में निर्यात करने का काम कर रहे हैं। हम भारत के 140 करोड़ लोगों की खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करेंगे और उन्हें पौष्टिक आहार भी उपलब्ध कराएंगे।

केन्द्रीय कृषि मंत्री ने कहा कि माँ और भगवान एक समान होते हैं। लेकिन मैं माँ और भगवान के साथ किसान को भी बराबरी का दर्जा देता हूँ। अन्नदाता किसान जो जीवनदाता भी है, उनकी आय बढ़ाना, आजीविका को बेहतर करना, यह हमारे जीवन का परम लक्ष्य है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में हमने तय किया था कि किसानों की अलग पहचान बनेगी। आज 11 करोड़ से अधिक किसानों की फार्मर आईडी बनाने का काम पूरा कर लिया गया है। अब तक हमारे वैज्ञानिक केवल लैब में अनुसंधान करते थे, लेकिन विकसित कृषि संकल्प अभियान के दौरान हमने लैब को लैंड से जोड़ने का काम किया है। हमने यह फैसला भी किया है कि अब जितनी भी रिसर्च होगी, वह किसान की जरूरत के हिसाब से होगी।

चौहान ने बताया कि किसानों को कम ब्याज दर पर ऋण उपलब्ध कराने के लिए 'किसान क्रेडिट कार्ड' के माध्यम से प्रयास किए जा रहे हैं। माइक्रो इरिगेशन के तहत 'पर ड्रॉप मोर क्रॉप', कृषि मशीनीकरण और अन्य योजनाओं के माध्यम से किसानों को सब्सिडी दी जा रही है। किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) और पीएम-आशा योजना के माध्यम से खरीद की जा रही है।

उन्होंने कहा कि किसानों की आय सभी क्षेत्रों में एक समान नहीं बढ़ी है. कई किसानों की आय दोगुनी से भी अधिक हुई है, जबकि मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों और खेती की अलग-अलग लागत के कारण कुछ किसान पीछे रह गए हैं। फसल बीमा योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, उन्नत बीजों, मृदा परीक्षण और डिजिटल कृषि मिशन के जरिए किसानों की आय बढ़ाने की दिशा में काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नया सर्वे हो रहा है, जिससे यह बात सामने आ जाएगी कि 12 सालों में किसानों की आय दोगुनी से भी ज्यादा हुई है।

केन्द्रीय कृषि मंत्री ने कहा कि कई बार किसान को मिलने वाली कीमत और बाजार में उपभोक्ता द्वारा चुकाई जाने वाली कीमत के बीच काफी अंतर होता है। इस अंतर को कम करने के लिए नए उपायों पर विचार किया जा रहा है। आलू, प्याज और टमाटर जैसी फसलों को उत्पादक क्षेत्रों से बड़े शहरों तक पहुंचाने के लिए परिवहन खर्च में सरकारी सहायता देने की योजना का भी उन्होंने जिक्र किया। उन्होंने कहा कि किसानों को आधुनिक तकनीक से जोड़ने के लिए तेजी से काम किया जा रहा है। अब तक 11 करोड़ से अधिक किसानों की फार्मर आईडी तैयार की जा चुकी है। डिजिटल तकनीक के जरिए किसानों को खेती से जुड़ी सुविधाएं और योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने का प्रयास है।

शिवराज सिंह ने कहा कि सरकार हॉर्टिकल्चर क्लस्टर विकसित करने की दिशा में काम कर रही है। इसके तहत किसानों को समूहों में फल और सब्जियों का उत्पादन करने, बेहतर गुणवत्ता अपनाने और निर्यात योग्य उपज तैयार करने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भारत को केवल अपनी जरूरत पूरी करने वाला देश नहीं, बल्कि दुनिया का फूड बास्केट बनाना सरकार का लक्ष्य है। भारत को केवल घरेलू जरूरतों तक सीमित नहीं रहना है, बल्कि दुनिया की खाद्य जरूरतों को पूरा करने वाला देश बनना है। इसके लिए हॉर्टिकल्चर क्लस्टर विकसित किए जा रहे हैं, जहां किसान समूह में फल और सब्जियों का उत्पादन कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय बाजार की मांग और गुणवत्ता के अनुरूप उत्पादन करने से किसानों को निर्यात के नए अवसर मिलेंगे और उनकी आमदनी बढ़ाने में मदद मिलेगी।

उन्होंने कहा कि उर्वरकों का अत्यधिक और असंतुलित उपयोग हमारी धरती के स्वास्थ्य को खराब कर रहा है। इसलिए उर्वरकों का संतुलित उपयोग सुनिश्चित करने के लिए खेत बचाओ अभियान प्रारंभ किया गया है।

---------------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Powered By Sangraha 9.0