आइसेनकोट ने नेतन्याहू के भाषण को नफरत भरा बताया, अरब पार्टियों ने उन्हें नस्लवादी ठहराया

11 Nov 2026 03:33:53
इजराइल के अंतरिम प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू मंगलवार रात यरुशलम में नेसेट (संसद) में भाषण देते। फोटो -  इंटरनेट मीडिया


यरुशलम (इजराइल), 11 नवंबर (हि.स.)। कार्यवाहक प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने मंगलवार रात नई नेसेट (संसद) में तीखा भाषण दिया। उनके भाषण को नई सरकार बनाने जा रहे 'यशार' पार्टी के नेता गादी आइसेनकोट ने नफरत से भरा करार दिया। अरब पार्टियों ने तंज कसते हुए उन्हें नस्लवादी ठहराया। बेंजामिन नेतन्याहू ने 'राष्ट्रीय एकता सरकार' बनाने का आह्वान किया। साथ ही अरब पार्टियों पर इजराइल को नष्ट करने की कोशिश करने का आरोप लगाया। अपने राजनीतिक विरोधियों को चेतावनी दी कि वे सरकार बनाने के लिए अरब पार्टियों के समर्थन पर निर्भर न रहें।

द टाइम्स ऑफ इजराइल और द यरुशलम पोस्ट की रिपोर्ट के अनुसार, गादी आइसेनकोट ने कहा कि नेतन्याहू का भाषण यह साबित करता है कि वे इस पद पर बने रहने के लायक नहीं हैं। अरब सांसदों ने कहा कि उनके भाषण ने उन्हें नेतन्याहू को सत्ता से हटाने के लिए और भी अधिक दृढ़ बना दिया है।

पिछले महीने हुए चुनाव में संसदीय बहुमत खोने के बाद और राष्ट्रपति इसाक हर्जोग के आइसेनकोट को सरकार बनाने का जनादेश सौंपे जाने के बाद नेतन्याहू ने अपने भाषण में वही पुराना अभियान जारी रखा जो उन्होंने चुनाव के दौरान चलाया था। उन्होंने अरब पार्टियों को अवैध ठहराने और उन्हें आतंकवाद का समर्थक बताने की कोशिश की।

भाषण के दौरान विपक्षी सांसदों ने बार-बार नेतन्याहू को टोका। उन्होंने नेतन्याहू के सहयोगियों के कतर के साथ कथित संबंधों पर जवाब मांगा और 7 अक्टूबर, 2023 को हमास के नरसंहार की जांच के लिए एक सरकारी आयोग गठित करने से इनकार करने पर सवाल उठाए। नई नेसेट के शपथ ग्रहण के बाद नेतन्याहू ने अपना भाषण शुरू किया। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि ईरान के साथ दो युद्ध लड़ने के बावजूद इजराइल को अभी भी खतरा बना हुआ है।

नेतन्याहू ने कहा, ईरान के परमाणु कार्यक्रम से पैदा हुए तत्काल अस्तित्व के खतरे को टालने के बाद वह अब इस कार्यक्रम को फिर से शुरू करने की कोशिश कर रहा है। इस खतरे को स्थायी रूप से खत्म करने का एकमात्र तरीका अयातुल्लाओं के शासन को उखाड़ फेंकना है। उन्होंने 7 अक्टूबर, 2023 के नरसंहार के बाद हुए युद्धों में अपनी उपलब्धियों को गिनाते हुए दावा किया, हमने मध्य पूर्व की तस्वीर बदल दी है। देश के सामने मौजूद खतरों के बीच नेतन्याहू ने प्रस्ताव रखा, ''हमें सब कुछ एक तरफ रखकर 'राष्ट्रीय एकता सरकार' बनानी चाहिए।''

इस बीच रा'अम पार्टी के चेयरमैन और सांसद मंसूर अब्बास ने मंगलवार को एन 12 चैनल को दिए एक इंटरव्यू में यह कहकर सनसनी फैला दी कि 'ऑपरेशन गार्जियन ऑफ द वॉल्स' के दौरान 2021 में बालफोर स्ट्रीट स्थित आधिकारिक आवास पर हुई एक मुलाकात में प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने उनसे कहा था कि वे हमास के तत्कालीन नेता याह्या सिनवार पर भरोसा करते हैं और वे दोनों एक-दूसरे को समझते हैं।

अब्बास के अनुसार, इस मुलाकात के दौरान नेतन्याहू ने सिनवार से मिले एक संदेश का भी जिक्र किया और उनसे पूछा, क्या आपने नहीं देखा कि उसने मुझे क्या भेजा है? अब्बास ने बताया कि इस बातचीत से पहले उन्हें उस पत्र के बारे में कोई जानकारी नहीं थी जो सिनवार ने नेतन्याहू को भेजा था, जिसमें कैल्कुलेटेड रिस्क (सोचा-समझा जोखिम) जैसे शब्द शामिल थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकुंद

Powered By Sangraha 9.0