
मुरादाबाद, 11 नवंबर (हि.स.)। एमपीएस क्रिकेट अकादमी मुरादाबाद में अभ्यास कर रही मेरठ निवासी क्रिकेटर पलक सिंह का उत्तर प्रदेश अंडर-23 महिला क्रिकेट टीम में चयन हुआ है। पलक सिंह का यह चयन उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) की ओर से आयोजित चयन ट्रायल में बेहतरीन प्रदर्शन के आधार पर किया गया है। पलक ने अपनी लेग ब्रेक गेंदबाजी से चयन कर्ताओं को प्रभावित करने में सफल रहीं।
एमपीएस क्रिकेट अकादमी मुरादाबाद के कोच मिर्जा दानिश आलम ने बताया कि पलक सिंह काफी वर्षों से एमपीएस क्रिकेट अकादमी में अभ्यास कर रही हैं। पलक इससे पहले यूपी अंडर-19, यूपी अंडर-23 और सीनियर महिला क्रिकेट की चयन प्रक्रियाओं में अपनी प्रतिभा दिखा चुकी हैं। लगातार अच्छे प्रदर्शन के दम पर उन्होंने एक बार फिर टीम में जगह बनाई है। दानिश आलम ने आगे कहा कि पलक सिंह बहुत मेहनती खिलाड़ी हैं और क्रिकेट की एक-एक चीज को बहुत ही बारीकी से समझ कर पिच पर उतारने का प्रयास करती हैं।
वहीं पलक सिंह का कहना है कि उत्तर प्रदेश अंडर-23 महिला क्रिकेट टीम में उनका चयन होना उनके लिए एक बड़ा अवसर है। पलक सिंह ने अपनी सफलता का श्रेय अपने मित्रता के साथ अपने क्रिकेट कोच मिर्जा दानिश आलम को दिया है।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल