
-व.उ. चिदंबरम कॉलेज के प्लेटिनम जुबली समारोह और पूर्व छात्र मिलन में हुए शामिल- छात्रों से मातृभाषा पर गर्व और राष्ट्रीय भावना विकसित करने का आह्वान
तूतीकोरिन, 11 नवंबर (हि.स.)। उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन बुधवार को तमिलनाडु के तूतीकोरिन स्थित अपने पुराने कॉलेज व.उ. चिदंबरम कॉलेज पहुंचे। यहां उन्होंने अपने छात्र जीवन की यादें ताजा कीं और उन कक्षाओं का दौरा किया, जहां कभी उन्होंने पढ़ाई की थी। इस दौरान उन्होंने अपने पुराने सहपाठियों से मुलाकात की और उनके साथ उसी कक्षा में बैठकर काफी देर तक बातचीत की। देश के दूसरे सर्वोच्च संवैधानिक पद पर आसीन उपराष्ट्रपति को एक बार फिर छात्र की तरह अपने पुराने दोस्तों के बीच देखकर कॉलेज परिसर में भावुक माहौल बन गया।
कॉलेज में बुधवार को 75वें स्थापना वर्ष यानी प्लैटिनम जुबली समारोह और पूर्व छात्र मिलन समारोह का आयोजन किया गया था। इसी कॉलेज के पूर्व छात्र उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन भी समारोह में शामिल होने पहुंचे थे। इस अवसर पर उन्होंने अपने कॉलेज के पुराने दिनों को याद किया और सहपाठियों के साथ पढ़ाई के दौरान की घटनाओं तथा साथ बिताए पलों को साझा किया।
पुरानी कक्षा में पहुंचकर उन्होंने अपने दोस्तों के साथ तस्वीरें खिंचवाईं। इसके बाद कॉलेज परिसर में भी पूर्व सहपाठियों के साथ समूह तस्वीर ली। उपराष्ट्रपति का अपने पुराने शिक्षण संस्थान में पहुंचना, दोस्तों के साथ बैठकर बातचीत करना और छात्र जीवन की यादें साझा करना वहां मौजूद पूर्व छात्रों, विद्यार्थियों और कॉलेज प्रशासन के लिए खास और भावुक क्षण रहा।
समारोह में विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उपराष्ट्रपति ने आपातकाल लागू किए जाने के दौर का उल्लेख किया। उन्होंने उस समय आपातकाल के खिलाफ हुए आंदोलन में अपनी भागीदारी को भी याद किया। उन्होंने देश की एकता और अखंडता को सर्वोपरि बताते हुए कहा कि भारत की वास्तविक ताकत उसकी विविध भाषाओं, संस्कृतियों और समुदायों की पहचान को संरक्षित रखने में निहित है। उन्होंने कहा कि एक मजबूत और एकीकृत राष्ट्र के निर्माण के लिए सभी भाषाओं और सांस्कृतिक परंपराओं का सम्मान जरूरी है। तमिल संस्कृति सहित देश की विभिन्न सांस्कृतिक पहचानों को सहेजना राष्ट्रीय एकता को मजबूत करता है।
उपराष्ट्रपति ने विद्यार्थियों से अपनी मातृभाषा पर गर्व करने और राष्ट्रीय भावना को भी विकसित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवाओं को तमिल के साथ-साथ अन्य भाषाएं भी सीखनी चाहिए। इसके साथ ही तमिल भाषा और उसकी समृद्ध साहित्यिक-सांस्कृतिक विरासत को वैश्विक स्तर पर पहुंचाने के लिए भी प्रयास करना चाहिए।
उपराष्ट्रपति ने देश के विकास और निर्माण में शिक्षा की महत्वपूर्ण भूमिका पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि देशभर में उच्च शिक्षा संस्थानों का विस्तार किया जा रहा है। ऐसे में शिक्षण संस्थानों को अपनी परंपराओं और विरासत को संरक्षित रखने के साथ बदलते समय की जरूरतों के अनुरूप खुद को विकसित करना चाहिए।
उन्होंने कॉलेजों से नई तकनीकों, वैज्ञानिक अनुसंधान और उभरते शैक्षणिक क्षेत्रों को अपनाने का आग्रह किया। साथ ही गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को समाज के सभी वर्गों तक पहुंचाने की आवश्यकता पर बल दिया।
उपराष्ट्रपति ने कहा कि शिक्षण संस्थानों की जिम्मेदारी केवल डिग्री प्रदान करने तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि उन्हें विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, नवाचार, सामाजिक जिम्मेदारी और राष्ट्रीय चेतना भी विकसित करनी चाहिए।----------
हिन्दुस्थान समाचार / Dr. Vara Prasada Rao PV