वैदिक मंत्रोच्चार के बीच शीतकाल के लिए बंद हुए यमुनोत्री धाम के कपाट

11 Nov 2026 12:05:53
शीतकाल के लिए बंद हुए यमुनोत्री धाम के कपाट।


उत्तरकाशी/यमुनोत्री, 11 नवंबर (हि.स.)। छह माह तक ग्रीष्मकालीन प्रवास के बाद उत्तराखंड के विश्व प्रसिद्ध यमुनोत्री धाम के कपाट बुधवार को भैयादूज के पावन पर्व पर वैदिक मंत्रोच्चार, धार्मिक अनुष्ठानों और मां यमुना के जयकारों के बीच सुबह 10:28 बजे शुभ मुहूर्त में शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। इसके बाद शनिदेव महाराज की अगुवाई में मां यमुना की उत्सव डोली पारंपरिक रीति-रिवाजों और वाद्ययंत्रों की मधुर धुनों के बीच अपने शीतकालीन प्रवास खरसाली के लिए रवाना हुई। दोपहर बाद मां यमुना के अपने मायके पहुंचने पर पूरा खरसाली गांव भक्तिमय माहौल में सराबोर हो गया। ग्रामीणों और श्रद्धालुओं ने फूल-मालाओं एवं जयकारों के साथ डोली का भव्य स्वागत किया।

भैयादूज के अवसर पर शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि, अनुराधा नक्षत्र, सौम्य योग और धनु लग्न में निर्धारित शुभ मुहूर्त के अनुसार सुबह 10:28 बजे यमुनोत्री मंदिर के कपाट शीतकाल के लिए बंद किए गए। इस दौरान मंदिर में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधि-विधान से विशेष पूजा-अर्चना एवं धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराए गए। कपाट बंद होने के बाद मां यमुना की उत्सव डोली ने शनिदेव महाराज की अगुवाई में खरसाली के लिए प्रस्थान किया। पारंपरिक वाद्ययंत्रों की धुनों और मां यमुना के जयकारों के बीच डोली यात्रा अपने शीतकालीन पड़ाव की ओर बढ़ी।

दोपहर बाद मां यमुना की उत्सव डोली के खरसाली पहुंचने पर ग्रामीणों एवं स्थानीय श्रद्धालुओं ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ भव्य स्वागत किया जाएगा। आगामी छह माह तक शीतकालीन प्रवास के दौरान श्रद्धालु खरसाली स्थित मां यमुना के मंदिर में ही दर्शन एवं पूजा-अर्चना कर सकेंगे।

इस अवसर पर यमुनोत्री विधायक संजय डोभाल, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि अजबीन पंवार, यमुनोत्री मंदिर समिति के सचिव सुनील उनियाल, प्रवक्ता पुरुषोत्तम उनियाल, कोषाध्यक्ष प्रदीप उनियाल सहित क्षेत्र की देव डोलियों के साथ ही पुलिस, प्रशासन, तीर्थपुरोहित एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुरेन्द्र नौटियाल

Powered By Sangraha 9.0