यौन शोषण के आरोपों पर निरंजनी अखाड़े की सख्ती, महामंडलेश्वर इंद्रदेव निष्कासित

11 Nov 2026 22:31:52
फाइल फोटो स्वामी इंद्रदेव महाराज


हरिद्वार, 11 नवंबर (हि.स.)।

यौन उत्पीड़न के गंभीर आरोपों में घिरे महामंडलेश्वर स्वामी इंद्रदेव महाराज के खिलाफ पंचायती अखाड़ा श्री निरंजनी ने कड़ा कदम उठाया है। अखाड़े ने उन्हें महामंडलेश्वर के पद से हटा दिया है। अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष और निरंजनी अखाड़े के सचिव श्रीमहंत डॉ. रविंद्र पुरी ने बुधवार को इस कार्रवाई की पुष्टि की।

श्रीमहंत रविंद्र पुरी ने बताया कि स्वामी इंद्रदेव को अखाड़े की ओर से महामंडलेश्वर की उपाधि दी गई थी, लेकिन उपाधि मिलने के बाद से उनका अखाड़े से कोई सक्रिय जुड़ाव नहीं रहा। वह अखाड़े के किसी धार्मिक, सामाजिक कार्यक्रम में शामिल नहीं हुए और न ही अखाड़े की गतिविधियों में उनकी कोई भागीदारी रही।

उन्होंने कहा कि हाल में स्वामी इंद्रदेव के खिलाफ यौन उत्पीड़न के आरोप सामने आने पर अखाड़े ने इसका संज्ञान लिया। आरोपों की गंभीरता और वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए उन्हें पद से निष्कासित करने का निर्णय लिया गया है। अब निरंजनी अखाड़े का स्वामी इंद्रदेव से कोई लेना-देना नहीं है।

मुंबई में दर्ज हुई है जीरो एफआईआर-

मामले की जड़ में मुंबई की एक महिला की शिकायत है। महिला का आरोप है कि वह 2023 में फेसबुक पर प्रवचन देखकर इंद्रदेव के संपर्क में आई थी। बाद में मुंबई के सांताक्रूज में हुए सत्संग में उसने गुरु दीक्षा ले ली। आरोप है कि इसके बाद महाराज ने अश्लील वीडियो कॉल किए और वृंदावन के सेवाधाम आश्रम में बुलाकर जबरन शारीरिक संबंध बनाए।

महिला की शिकायत पर मीरा-भायंदर के काशीमीरा थाने में जीरो एफआईआर दर्ज हुई है, जिसे जांच के लिए वृंदावन पुलिस को भेजा गया है। इंद्रदेव महाराज ने सभी आरोपों को झूठा बताते हुए इसे ब्लैकमेलिंग की साजिश करार दिया है।

श्रीमहंत रविंद्र पुरी ने कहा कि अखाड़ों की अपनी पुरानी परंपरा, मर्यादा और प्रतिष्ठा है। संत परंपरा की छवि को धूमिल करने वाले किसी भी मामले में अखाड़ा लापरवाही नहीं बरतेगा। अखाड़े की गरिमा को बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Powered By Sangraha 9.0