अरविंद केजरीवाल और उनकी बेटी को जान से मारने की धमकी, 7 करोड़ रुपये की मांगी रंगदारी

12 Nov 2026 17:41:53
ਆਮ ਆਦਮੀ ਪਾਰਟੀ ਦੇ ਕੌਮੀ ਕਨਵੀਨਰ ਅਰਵਿੰਦ ਕੇਜਰੀਵਾਲ


- लॉरेंस बिश्नोई गिरोह का सदस्य होने का दावा करने वाले व्यक्ति ने दी धमकी

मोहाली, 12 नवंबर (हि.स.)। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और उनकी बेटी हर्षिता को जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। धमकी देने वाले व्यक्ति ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गिरोह का सदस्य बताते हुए सात करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी है। इस संबंध में दिल्ली के तिलक नगर से आम आदमी पार्टी के विधायक जरनैल सिंह की शिकायत पर मोहाली पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

विधायक जरनैल सिंह ने मोहाली के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को दी शिकायत में बताया कि छह नवंबर को उन्हें एक अज्ञात व्यक्ति का फोन आया था। इसके अलावा उन्हें व्हाट्सएप के माध्यम से भी धमकी भरा संदेश भेजा गया। धमकी देने वाले व्यक्ति ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गिरोह से जुड़ा बताया। विधायक की शिकायत के अनुसार फोन करने वाले व्यक्ति ने अरविंद केजरीवाल से सात करोड़ रुपये देने की मांग की। उसने धमकी दी कि यदि उसकी मांग पूरी नहीं की गई, तो वह अरविंद केजरीवाल और उनकी बेटी हर्षिता की हत्या कर देगा।

विधायक जरनैल सिंह ने शिकायत में कहा कि अरविंद केजरीवाल देश के प्रमुख राजनीतिक नेताओं में शामिल हैं। ऐसे में उन्हें और उनके परिवार को मिली धमकी गंभीर सुरक्षा चिंता का विषय है। उन्होंने पुलिस से मामले की व्यापक जांच करने और धमकी देने वाले व्यक्ति की पहचान कर उसे गिरफ्तार करने की मांग की है। विधायक ने फोन संबंधी अभिलेखों, इंटरनेट पते और धमकी देने के लिए इस्तेमाल किए गए उपकरण की वास्तविक स्थिति का पता लगाने की भी अपील की है। इसके साथ ही उन्होंने अरविंद केजरीवाल तथा उनकी बेटी की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।

विधायक जरनैल सिंह की शिकायत के आधार पर मोहाली पुलिस ने साइबर अपराध थाने में भारतीय न्याय संहिता और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। धमकी देने वाले व्यक्ति की पहचान और उसके लॉरेंस बिश्नोई गिरोह से वास्तविक संबंधों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।

--------------------------------------

हिन्दुस्थान समाचार / GURSHARAN SINGH

Powered By Sangraha 9.0