‘एक राष्ट्र-एक टीम’ की भावना से मिलकर काम करेंगे संस्थान : डॉ. यशपाल सिंह मलिक

12 Nov 2026 15:34:53
बैठक की अध्यक्षता करते उपनिदेश आईसीएआर कृषि शिक्षा डा यशपाल सिंह मलिक


आईसीएआर की नई पहल से अनुसंधान, शिक्षा और कृषि प्रसार को मिलेगी नई गति

हिसार, 12 नवंबर (हि.स.)। भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएआर) के उप महानिदेशक (कृषि शिक्षा) डॉ. यशपाल सिंह मलिक ने कहा कि आईसीएआर ने देश के सभी राज्यों को शामिल करते हुए क्षेत्रीय समन्वयकों की नियुक्ति की नई व्यवस्था शुरू की है। इसका उद्देश्य आईसीएआर के अनुसंधान संस्थानों, कृषि विश्वविद्यालयों एवं कृषि विज्ञान केन्द्रों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करना है। उन्होंने कहा कि सभी संस्थानों को अपने संसाधनों, विशेषज्ञता एवं अनुभवों को साझा करते हुए ‘एक राष्ट्र-एक टीम’ की भावना से कार्य करना चाहिए।

डॉ. मलिक ने कहा कि विकसित भारत @ 2047 के लक्ष्य को हासिल करने के लिए अनुसंधान संस्थानों को केवल नियमित गतिविधियों तक सीमित नहीं रहना चाहिए बल्कि किसानों की वास्तविक समस्याओं की पहचान कर उनके व्यावहारिक एवं प्रभावी समाधान विकसित करने पर विशेष ध्यान देना होगा। कृषि एवं पशुपालन क्षेत्र की चुनौतियों का समाधान सामूहिक प्रयासों और संस्थानों के बीच बेहतर सहयोग से ही संभव है।

उन्होंने बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा कि आईसीएआर ने देशभर में कृषि अनुसंधान, शैक्षणिक गतिविधियों एवं कृषि प्रसार कार्यों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की है। इस पहल के तहत ही हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़ एवं दिल्ली क्षेत्र की पहली क्षेत्रीय समन्वय बैठक का आयोजन आईसीएआर-केन्द्रीय भैंस अनुसंधान संस्थान (सीआईआरबी), हिसार में किया गया।

प्रत्येक तीन माह में होगी क्षेत्रीय समन्वय बैठक

बैठक में निर्णय लिया गया कि क्षेत्रीय स्तर पर किए जा रहे कार्यों एवं गतिविधियों की प्रगति की समीक्षा के लिए प्रत्येक तीन माह में बैठक आयोजित की जाएगी। सभी संस्थान अपने समझौता ज्ञापनों (एमओयू), आय के स्रोतों तथा पिछले दो से तीन वर्षों की प्रमुख उपलब्धियों का विवरण तैयार करेंगे। इसके साथ ही भैंस एवं डेयरी विकास, प्राकृतिक खेती, वन हेल्थ (एक स्वास्थ्य), मृदा एवं मानव स्वास्थ्य तथा जलवायु अनुकूल खेती जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर संयुक्त रूप से कार्य किया जाएगा।

संस्थानों की प्रयोगशालाओं, अस्पतालों, पुस्तकालयों एवं अन्य उपलब्ध सुविधाओं को भी आपसी सहयोग के आधार पर साझा करने पर सहमति बनी। इसके अलावा विभिन्न विषयों के विशेषज्ञों की सूची तैयार की जाएगी, ताकि किसानों के लिए आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रमों, जागरूकता अभियानों एवं क्षेत्रीय गतिविधियों में आवश्यकता के अनुसार विशेषज्ञों की सेवाएं ली जा सकें।

बैठक में निर्णय लिया गया कि आईसीएआर-सीआईआरबी हरियाणा पशुधन विकास बोर्ड एवं पशुपालन विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर कार्य करेगा, ताकि पशुपालकों को प्रमाणित मुर्रा भैंस के वीर्य (सीमेन) एवं तरल नाइट्रोजन की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके। इससे पशुपालकों को गुणवत्तापूर्ण प्रजनन सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा भैंसों की नस्ल सुधार गतिविधियों को बढ़ावा देने में मदद मिलेगी।

बैठक में अनुदान एवं फेलोशिप जारी होने में देरी, लंबित ऑडिट आपत्तियों तथा उपलब्ध धनराशि का समय पर उपयोग नहीं होने (फंड पार्किंग) जैसे प्रशासनिक एवं वित्तीय मुद्दों पर भी चर्चा की गई। संबंधित संस्थानों को इन मामलों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने तथा आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई शीघ्र सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

एफपीओ की जरूरत के अनुसार मिलेगा प्रशिक्षण, गांवों तक पहुंचेंगी विशेषज्ञों की टीमें

बैठक का एक विशेष सत्र किसान उत्पादक संगठनों (एफपीओ) के प्रतिनिधियों के साथ आयोजित किया गया। इसमें किसानों ने बताया कि सामान्यतः प्रशिक्षण कार्यक्रम पूर्व निर्धारित वार्षिक कैलेंडर के अनुसार आयोजित किए जाते हैं, जबकि किसानों एवं पशुपालकों की समस्याएं किसी भी समय सामने आ सकती हैं। इस पर डॉ. मलिक ने संबंधित संस्थानों, कृषि विज्ञान केन्द्रों एवं कृषि विश्वविद्यालयों को निर्देश दिए कि एफपीओ की आवश्यकता के अनुसार उन्हें समय पर प्रशिक्षण एवं तकनीकी मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाए।

यह भी निर्णय लिया गया कि 4-5 विशेषज्ञों की टीमें एफपीओ से जुड़े किसान समूहों एवं उनके कार्यक्षेत्रों का दौरा करेंगी। ये टीमें पशु स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने के साथ-साथ किसानों को आधुनिक तकनीकों का व्यावहारिक प्रदर्शन भी करेंगी। एफपीओ की समस्याओं एवं सुझावों को सीधे संबंधित संस्थानों तक पहुंचाने के लिए एक ऑनलाइन पोर्टल भी शुरू किया जाएगा, जिसके माध्यम से संगठन अपनी समस्याएं दर्ज करा सकेंगे।

पशुपालकों तक वैज्ञानिक एवं तकनीकी जानकारी आसानी से पहुंचाने के लिए आईसीएआर द्वारा 2 से 5 मिनट की लघु वीडियो तैयार करने का पूरा खर्च वहन किया जाएगा। इन वीडियो में पशुओं की देखभाल, संतुलित आहार, उचित पोषण प्रबंधन तथा हीट डिटेक्शन (पशुओं में मदकाल की पहचान) जैसे महत्वपूर्ण विषय शामिल होंगे। ये वीडियो किसानों एवं पशुपालकों को व्हाट्सऐप के माध्यम से निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी, ताकि वे आवश्यक जानकारी आसानी से प्राप्त कर सकें और उसका उपयोग अपने पशुपालन कार्यों में कर सकें।

डेयरी किसानों को स्थानीय स्तर पर गुणवत्तापूर्ण पशु आहार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आईसीएआर-सीआईआरबी द्वारा कम लागत वाली सामुदायिक पशु आहार मिल (क्लस्टर फीड मिल) स्थापित करने के लिए परियोजना रिपोर्ट तैयार की जाएगी। प्रस्तावित इकाई की अनुमानित लागत लगभग 10 लाख रुपये होगी तथा इसकी उत्पादन क्षमता प्रतिदिन 500 किलोग्राम पशु आहार की होगी। इस पहल से डेयरी किसानों को पशु आहार की उपलब्धता एवं पोषण प्रबंधन में सुविधा मिलने की उम्मीद है।

इसके अतिरिक्त, सभी संबंधित संस्थानों को अपनी वेबसाइट पर प्रसार अधिकारियों एवं विषय विशेषज्ञों के सीधे मोबाइल और व्हाट्सऐप नंबर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए, ताकि किसान एवं एफपीओ प्रतिनिधि अपनी समस्याओं के समाधान, तकनीकी सलाह एवं मार्गदर्शन के लिए संबंधित विशेषज्ञों से सीधे संपर्क कर सकें।

बैठक में लिए गए निर्णयों का मुख्य उद्देश्य विभिन्न संस्थानों के उपलब्ध संसाधनों एवं विशेषज्ञता का बेहतर उपयोग करना, अनुसंधान और कृषि प्रसार के बीच की दूरी कम करना तथा वैज्ञानिक तकनीकों एवं नवाचारों का लाभ सीधे किसानों एवं पशुपालकों तक पहुंचाना है। क्षेत्रीय समन्वय की यह पहल कृषि एवं पशुपालन क्षेत्र में संस्थागत सहयोग को मजबूत करने के साथ-साथ किसानों की समस्याओं के त्वरित एवं व्यावहारिक समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकती है।

बैठक के प्रारंभ में आईसीएआर-सीआईआरबी के निदेशक डॉ. टी.के. भट्टाचार्य ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का स्वागत किया। इस बैठक में आईसीएआर-सीआईआरबी एवं आईसीएआर-राष्ट्रीय अश्व अनुसंधान केन्द्र (एनआरसीई), चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार, लाला लाजपत राय पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान विश्वविद्यालय (लुवास) भिवानी, फतेहाबाद, हिसार, जींद एवं रोहतक के कृषि विज्ञान केन्द्रों तथा विभिन्न किसान उत्पादक संगठनों के वैज्ञानिकों, अधिकारियों एवं प्रतिनिधियों ने सहभागिता की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामानुज शर्मा

Powered By Sangraha 9.0