भोपाल के अंतरराष्ट्रीय खेल परिसर के हॉकी मैदान को मिला एचआईएफ कैटेगरी-1 सर्टिफिकेट

युगवार्ता    12-Nov-2026
Total Views |
मंत्री सारंग द्वारा एक्स पर पोस्ट किया गया सर्टिफिकेट


मंत्री सारंग विभाग की बैठक लेते हुए


- देश में हैदराबाद के बाद भोपाल बना एफआईएच कैटेगरी-1 प्रमाणित हॉकी फील्ड वाला दूसरा शहर

भोपाल, 12 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के खेल इतिहास में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि जुड़ गई है। राजधानी भोपाल के नाथू बरखेड़ा स्थित अंतरराष्ट्रीय खेल परिसर के हॉकी मैदान को अंतरराष्ट्रीय हॉकी महासंघ (एफआईएच) ने कैटेगरी-1 हॉकी फील्ड का प्रमाणपत्र प्रदान किया है। इस उपलब्धि के साथ भोपाल देश में हैदराबाद के बाद दूसरा ऐसा शहर बन गया है, जहां एफआईएच कैटेगरी-1 प्रमाणित हॉकी मैदान उपलब्ध है। मध्य प्रदेश में इस श्रेणी का यह पहला हॉकी मैदान है।

यह जानकारी गुरुवार को प्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास सारंग ने दी। उन्होंने सोशल मीडिया एक्स पर सर्टिफिकेट भी पोस्ट किया है। मंत्री सारंग ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय हॉकी महासंघ द्वारा जारी प्रमाणपत्र के अनुसार, मैदान का परीक्षण 6 नवंबर 2026 को किया गया। परीक्षण में इसे कैटेगरी-1 हॉकी फील्ड के निर्धारित मानकों के अनुरूप पाया गया है। यह प्रमाणपत्र 6 नवंबर 2029 तक वैध रहेगा।

अंतरराष्ट्रीय स्तर की खेल अधोसंरचना के विकास में मध्य प्रदेश ने हासिल की बड़ी उपलब्धि

मंत्री सारंग ने कहा कि यह मध्य प्रदेश के लिए गौरव का विषय है कि भोपाल में अंतरराष्ट्रीय स्तर के हॉकी मैदान को एफआईएच कैटेगरी-1 का प्रमाणन प्राप्त हुआ है। यह उपलब्धि प्रदेश में विश्वस्तरीय खेल अधोसंरचना विकसित करने की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए खेल विभाग, निर्माण एजेंसी और परियोजना से जुड़े सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई दी।

19 नवंबर से महिला एशियन हॉकी चैम्पियंस ट्रॉफी का आयोजन

मंत्री सारंग ने बताया कि आगामी 19 नवंबर से इसी अंतरराष्ट्रीय खेल परिसर में महिला एशियन हॉकी चैम्पियंस ट्रॉफी-2026 का आयोजन किया जाएगा। एशिया की शीर्ष महिला हॉकी टीमों के बीच होने वाली इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता के आयोजन से भोपाल को अंतरराष्ट्रीय खेल जगत में नई पहचान मिलेगी।

खेल मंत्री सारंग ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप तैयार यह हॉकी मैदान खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ ही मध्य प्रदेश को बड़े अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों का केंद्र बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। भोपाल में इस स्तर का हॉकी मैदान उपलब्ध होना प्रदेश के उभरते हॉकी खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणादायी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Tags