राष्ट्रपति ने मप्र के एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों को उत्कृष्ट कार्य के लिए किया सम्मानित

युगवार्ता    12-Nov-2026
Total Views |
मप्र के एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों को उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित करते हुए राष्ट्रपति


मप्र के एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों को उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित करते हुए राष्ट्रपति


- एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय मंडला एवं मप्र जनजातीय कार्य विभाग को मिला सम्मान

भोपाल, 12 नवंबर (हि.स.)। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने गुरुवार को राष्ट्रपति भवन में आयोजित एक समारोह में एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों के लिए उत्कृष्ट कार्य के लिए मध्य प्रदेश जनजातीय कार्य विभाग तथा एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय मंडला को सम्मानित किया। पुरस्कार विभाग के प्रमुख सचिव गुलशन बामरा ने ग्रहण किया।

भारत सरकार जनजातीय कार्य मंत्रालय द्वारा किए गए मूल्यांकन के आधार पर प्रदेश के एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों के लिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और संस्थागत विकास में बहुमूल्य योगदान में उत्कृष्टता के लिए मध्य प्रदेश स्पेशल एंड रेजिडेंशियल ऐकडेमिक सोसाइटी (एमपी सरस) को यह पुरस्कार दिया गया। राष्ट्रपति ने एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों के मेधावी विद्यार्थियों के साथ संवाद भी किया।

एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय मंडला को राष्ट्र स्तर पर उत्कृष्ट एकलव्य विद्यालय के लिए चयन किया गया। यह सम्मान मंडला कलेक्टर एवं एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय मंडला के अध्यक्ष राहुल नामदेव धोटे तथा एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय मंडला की प्राचार्य रीना ने ग्रहण किया।

कार्यक्रम में केन्द्रीय जनजातीय कार्य मंत्री जुयाल उराम और राज्य मंत्री दुर्गादास उइके, केन्द्रीय जनजातीय कार्य मंत्रालय की सचिव रंजना चोपड़ा, एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों के शिक्षकगण एवं मेधावी विद्यार्थी उपस्थित रहे।

जनसम्पर्क अधिकारी राजेश बैन ने बताया कि कार्यक्रम भारत सरकार जनजातीय कार्य मंत्रालय द्वारा 'जनजातीय गौरव पखवाड़ा' के अंतर्गत आयोजित किया गया था। यह पखवाड़ा प्रत्येक वर्ष भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के उपलक्ष में मनाया जाता है।

---------------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Tags