पूरे दिन उतार-चढ़ाव का सामना करने के बाद मामूली बढ़त के साथ बंद हुआ शेयर बाजार, निवेशकों को 54 हजार करोड़ का फायदा

12 Nov 2026 16:58:53
प्रतीकात्मक


नई दिल्ली, 12 नवंबर (हि.स.)। दिन भर उतार-चढ़ाव का सामना करने के बाद घरेलू शेयर बाजार ने मामूली बढ़त के साथ आज के कारोबार का अंत किया। ग्लोबल मार्केट से मिले मजबूत संकेतों और विदेशी संस्थागत निवेशकों की लिवाली के बावजूद बाजार में आज ऊपरी स्तर पर मुनाफा वसूली का दबाव बना। हालांकि रियल्टी, सरकारी बैंकों और फाइनेंशियल सर्विस सेक्टर के शेयरों में आई तेजी के दम पर सेंसेक्स और निफ्टी दोनों प्रमुख सूचकांक हरे निशान में टिके रहने में सफल रहे। पूरे दिन के कारोबार के बाद बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का सेंसेक्स 0.04 प्रतिशत की मामूली मजबूती दर्ज करते हुए बंद हुआ, जबकि नेशनल स्टॉक एक्सचेंज के निफ्टी 50 सूचकांक ने 0.18 प्रतिशत की बढ़त के साथ आज के कारोबार का अंत किया।

बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का सेंसेक्स आज सुबह 117.13 अंक यानी 0.14 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 81,762.27 अंक के स्तर पर खुला था। कारोबार की शुरुआत होते ही बिकवाली के दबाव में यह सूचकांक 303.25 अंक यानी 0.37 प्रतिशत फिसल कर 81,576.15 अंक के दिन के निचले स्तर तक आ गया। इसके बाद फाइनेंशियल सर्विस सेक्टर और बैंकिंग सेक्टर के शेयरों में खरीदारी बढ़ने से सेंसेक्स ने शानदार रिकवरी की।

लगातार हो रही खरीदारी के सपोर्ट से यह सूचकांक दिन के निचले स्तर से 749.46 अंक उछल कर 446.21 अंक यानी 0.54 प्रतिशत की तेजी के साथ 82,325.61 अंक के ऊपरी स्तर तक पहुंच गया। हालांकि, अंतिम सत्र में एक बार फिर मुनाफा वसूली के चक्कर में बिकवाली शुरू हो गई, जिसकी वजह से इस सूचकांक की चाल में भी गिरावट आ गई। पूरे दिन के कारोबार के बाद सेंसेक्स दिन के ऊपरी स्तर से 414.60 अंक टूट कर 31.61 अंक यानी 0.04 प्रतिशत की मामूली बढ़त के साथ 81,911.01 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

सेंसेक्स की ही तरह नेशनल स्टॉक एक्सचेंज के निफ्टी 50 सूचकांक ने भी आज गिरावट के साथ शुरुआत की। यह सूचकांक आज 41.55 अंक यानी 0.16 प्रतिशत लुढ़क कर 25,213.50 अंक के स्तर पर खुला। बाजार खुलने के तुरंत बाद शुरुआती दबाव के चलते यह सूचकांक 112.10 अंक यानी 0.44 प्रतिशत फिसल कर 25,142.95 अंक के निचले स्तर तक फिसल गया था। इस गिरावट के कुछ देर बाद ही खरीदारों ने निचले स्तर पर लिवाली का जोर बना दिया, जिसके कारण निफ्टी की चाल में तेजी आ गई।

लगातार हो रही लिवाली के कारण यह सूचकांक दिन के निचले स्तर से 241.85 अंक की छलांग लगा कर 129.75 अंक यानी 0.51 प्रतिशत की मजबूती के साथ 25,384.80 अंक के दिन के ऊपरी स्तर तक जा पहुंचा। हालांकि निफ्टी 50 सूचकांक की ये मजबूती अधिक देर तक टिक नहीं सकी। इस ऊंचाई पर पहुंचने के बाद एक बार फिर बिकवाली का दबाव बन गया, जिसके कारण इसकी चाल में गिरावट आने लगी। पूरे दिन के उतार-चढ़ाव के बाद निफ्टी 50 सूचकांक ऊपरी स्तर से 85.45 अंक टूट कर कुल 44.30 अंक यानी 0.18 प्रतिशत की तेजी के साथ 25,299.35 अंक के स्तर पर बंद होने में सफल रहा।

सेक्टोरल फ्रंट पर आज रियल्टी सेक्टर के शेयरों में सबसे ज्यादा चमक नजर आई, जहां निफ्टी रियल्टी इंडेक्स लगभग 4 प्रतिशत की तूफानी तेजी के साथ सबसे आगे रहा। इसके अलावा सरकारी बैंक, मीडिया और बैंकिंग सूचकांकों में भी अच्छी मजबूती दर्ज की गई। दूसरी ओर, ऑटोमोबाइल, आईटी और एफएमसीजी सेक्टर के शेयरों में मुनाफावसूली का दबाव हावी रहा, जिसके चलते निफ्टी ऑटो इंडेक्स सबसे अधिक गिरावट के साथ लाल निशान में बंद हुआ। ब्रॉडर मार्केट में भी आज खरीदारी का जोर बना रहा, जहां निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स 0.85 प्रतिशत और स्मॉलकैप 100 इंडेक्स 1.12 प्रतिशत की बढ़त के साथ बंद हुए।

आज शेयर बाजार में आई मजबूती के कारण स्टॉक मार्केट के निवेशकों की संपत्ति में 50 हजार करोड़ रुपये से भी अधिक की बढ़ोतरी हो गई। बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैपिटलाइजेशन आज के कारोबार के बाद बढ़ कर 512.29 लाख करोड़ रुपये (अनंतिम) हो गया। पिछले कारोबारी दिन यानी बुधवार को इनका मार्केट कैपिटलाइजेशन 511.75 लाख करोड़ रुपये था। इस तरह निवेशकों को आज के कारोबार से करीब 54 हजार करोड़ रुपये का मुनाफा हो गया।

आज दिन भर के कारोबार के दौरान बीएसई में 4,687 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें 2,529 शेयर बढ़त के साथ बंद हुए, जबकि 1,920 शेयरों में गिरावट का रुख रहा और 238 शेयर बिना किसी उतार चढ़ाव के बंद हुए। एनएसई में आज 3,305 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें से 1,837 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में और 1,468 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में बंद हुए। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 10 शेयर बढ़त के साथ और 20 शेयर गिरावट के साथ बंद हुए। निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 20 शेयर हरे निशान में और 30 शेयर लाल निशान में बंद हुए।

आज दिनभर के कारोबार के बाद नेशनल स्टॉक एक्सचेंज पर एचडीएफसी लाइफ इंश्योरेंस के शेयर 4.23 प्रतिशत की तूफानी तेजी के साथ 597.80 रुपये के भाव पर बंद होकर टॉप गेनर रहे। इसके अलावा श्रीराम फाइनेंस 3.58 प्रतिशत की छलांग लगा कर 1,003.80 रुपये, बजाज फाइनेंस 3.36 प्रतिशत की बढ़त के साथ 1,115 रुपये, एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस 2.97 प्रतिशत की उछाल के साथ 1,819.50 रुपये और भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) 2.38 प्रतिशत की मजबूती के साथ 1,086.50 रुपये के स्तर पर आज के टॉप 5 गेनर्स की सूची में बंद हुए।

दूसरी ओर, आज के कारोबार में बिकवाली के भारी दबाव में फंसे टॉप लूजर्स में ऑयल एंड नेचुरल गैस कॉर्पोरेशन (ओएनजीसी) 4.39 प्रतिशत की गिरावट के साथ 224.50 रुपये के भाव पर बंद होकर सबसे आगे रहा। इसके साथ ही हिंदुस्तान यूनिलीवर 2.39 प्रतिशत टूट कर 1,974 रुपये, नेस्ले इंडिया 2.10 प्रतिशत की कमजोरी दिखाते हुए 1,260.90 रुपये, महिंद्रा एंड महिंद्रा 1.90 प्रतिशत की मंदी के साथ 3,399 रुपये और पावर ग्रिड कॉर्पोरेशन 1.63 प्रतिशत की गिरावट के साथ 259.45 रुपये के स्तर पर आज के टॉप 5 लूजर्स की सूची में शामिल हुए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक

Powered By Sangraha 9.0