नेपाल के नवनियुक्त भारतीय राजदूत सुधाकर दलेला ने दो मंत्रियों से की मुलाकात, द्विपक्षीय सहयोग पर चर्चा

13 Nov 2026 15:40:53
नेपाल के पर्यटन और भौतिक पुर्वाधार मंत्री से मुलाकात करते भारतीय राजदूत


काठमांडू, 13 नवंबर (हि.स.)। नेपाल के लिए नवनियुक्त भारतीय राजदूत सुधाकर दलेला ने शुक्रवार को नेपाल सरकार के दो संघीय मंत्रियों के साथ मुलाकात कर द्विपक्षीय सहयोग और आपसी संबंधों को मजबूत बनाने के मुद्दों पर चर्चा की।

सिंहदरबार पहुंचकर राजदूत दलेला ने संस्कृति, पर्यटन तथा नागरिक उड्डयन मंत्री खडक प्रसाद पौडेल और बुनियादी ढांचा विकास मंत्री सुनील लम्साल से अलग-अलग मुलाकात की। भारतीय दूतावास ने मुलाकातों की जानकारी देते हुए कहा कि भारत और नेपाल के बीच मित्रता एवं सहयोग के संबंधों को और मजबूत बनाने के लिए भारत प्रतिबद्ध है।

दूतावास के अनुसार पर्यटन मंत्री खडक प्रसाद पौडेल के साथ कनेक्टिविटी, दोनों देशों के लोगों के बीच आपसी संपर्क और पर्यटन को बढ़ावा देने से जुड़े मुद्दों पर सार्थक विचारों का आदान-प्रदान हुआ। इसी तरह, भौतिक पूर्वाधार विकास मंत्री सुनील लम्साल के साथ मुलाकात में बुनियादी ढांचे और कनेक्टिविटी के क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग को और गहरा करने के उपायों पर चर्चा हुई। दूतावास ने बताया कि दोनों पक्षों ने बहुआयामी साझेदारी को आगे बढ़ाने के लिए मिलकर काम करने पर भी विचार-विमर्श किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास

Powered By Sangraha 9.0