पारुल सैनी का सपना हुआ साकार, चंडीगढ़ अंडर-23 वूमेंस टीम में हुआ चयन

13 Nov 2026 22:04:52
मुरादाबाद निवासी क्रिकेटर पारुल सैनी।


मुरादाबाद, 13 नवम्बर (हि.स.)। मुरादाबाद जिले की उभरती हुई युवा क्रिकेटर पारुल सैनी ने अपनी मेहनत, अनुशासन और शानदार गेंदबाजी के दम पर एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। उनका चयन चंडीगढ़ अंडर-23 वुमेंस टीम के लिए हुआ है। चंडीगढ़ क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा हाल ही में अंडर-23 वुमेंस टीम के चयन के लिए सिलेक्शन मैच और कैंप आयोजित किए गए थे। शानदार प्रदर्शन के आधार पर पारुल सैनी का चयन किया गया है।

चयन के बाद पारुल सैनी ने कहा, कि यह मेरे जीवन का एक बहुत बड़ा अवसर है। मैं अपनी इस उपलब्धि का श्रेय अपने पिता फूल सिंह, माता कौशल्या सैनी व क्रिकेट कोच मिर्ज़ा दानिश आलम को देता हूं, जिन्होंने हर कदम पर मेरा साथ दिया।

एमपीएस क्रिकेट अकादमी के संचालक वरिष्ठ क्रिकेटर दानिश मिर्जा आलम ने बताया कि पारुल सैनी कई वर्षों से एमपीएस क्रिकेट एकेडमी में अभ्यास कर रही हैं। पारुल इससे पहले भी यूपी अंडर-19 वुमेंस क्रिकेट में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर चुकी हैं। उन्होंने अपने कठिन परिश्रम और अनुशासन से एक बार फिर अपनी जगह बनाई है।

पारुल ने कहा उन्होंने यह सफलता वर्षों की कठिन मेहनत, लगातार अभ्यास और खेल के प्रति समर्पण के दम पर हासिल की है। वह ऑफ ब्रेक गेंदबाजी करती हैं और अपनी शानदार गेंदबाजी से चयनकर्ताओं को प्रभावित करने में सफल रही हैं।

इस उपलब्धि के पीछे उनके कोच मिर्ज़ा दानिश आलम का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। कोच मिर्ज़ा दानिश आलम ने शुरुआत से ही पारुल की तकनीक, फिटनेस और मानसिक मजबूती पर विशेष ध्यान दिया। उनकी कड़ी ट्रेनिंग और मार्गदर्शन ने पारुल को इस मुकाम तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

Powered By Sangraha 9.0