काजीरंगा सड़क हादसे में मृतकों के परिजनों को मिलेंगे नौ-नौ लाख रुपये : हिमंत बिस्व सरमा

14 Nov 2026 15:03:53
Assam Chief Minister Dr Himanta Biswa Sarma at Kaziranga accident victims doorstep on Saturday.


गुवाहाटी (असम), 14 नवंबर (हि.स.)। असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने काजीरंगा के रंगाजान में हुए भीषण सड़क हादसे में जान गंवाने वाले 26 लोगों के परिजनों को नौ-नौ लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने शनिवार को दुर्घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद यह घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रत्येक मृतक के परिवार को मुख्यमंत्री राहत कोष से पांच लाख रुपये और राजस्व विभाग की ओर से दो लाख रुपये दिए जाएंगे। इसके अलावा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की ओर से पहले ही घोषित दो लाख रुपये की सहायता भी मिलेगी। इस तरह प्रत्येक मृतक के परिजनों को कुल नौ लाख रुपये दिए जाएंगे।

डॉ. सरमा ने कहा कि दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई और इसके पीछे क्या कारण थे, इसकी विस्तृत जांच कराई जाएगी। उन्होंने हादसे में घायल लोगों के उपचार और उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का भी आश्वासन दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराना जरूरी है। उन्होंने बताया कि जनता की नाराजगी के कारण पहले यातायात नियमों के पालन में कुछ ढील दी गई थी, लेकिन हाल के दिनों में राज्य में कई गंभीर सड़क दुर्घटनाएं हुई हैं। इसे देखते हुए सरकार अब यातायात नियमों को फिर से सख्ती से लागू करेगी।

उन्होंने कहा कि दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच कराई जाएगी और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।---------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

Powered By Sangraha 9.0