महापर्व छठ का आज दूसरा दिन, खरना के साथ शुरू होगा 36 घंटे का निर्जला व्रत

14 Nov 2026 09:27:53
कोसी


पटना, 14 नवंबर (हि.स.)।

लोक आस्था और सूर्योपासना का महापर्व छठ परंपरागत रूप से श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ मनाया जा रहा है। इस चार दिवसीय कठिन अनुष्ठान का आज दूसरा दिन है। आज व्रती पूरे दिन उपवास रखने के बाद शाम को विधि-विधान से खरना करेंगी। इसके साथ ही छठ व्रत के सबसे कठिन चरण 36 घंटे के निर्जला उपवास की शुरुआत होगी।

खरना के अवसर पर व्रती स्नान कर स्वच्छ वस्त्र धारण करती हैं और पूरी पवित्रता के साथ भगवान सूर्य तथा छठी मइया की पूजा-अर्चना करती हैं। इस दिन गुड़ से बनी खीर, रोटी और फल का प्रसाद तैयार किया जाता है। पूजा के बाद व्रती प्रसाद ग्रहण करती हैं और परिवार तथा आसपास के लोगों के बीच प्रसाद वितरित किया जाता है।

36 घंटे तक निर्जला उपवास

खरना के बाद व्रती 36 घंटे तक निर्जला उपवास रखती हैं। इस दौरान अन्न और जल ग्रहण नहीं किया जाता है। इसके अगले दिन यानी तीसरे दिन अस्ताचलगामी सूर्य को पहला अर्घ्य अर्पित किया जाएगा। वहीं, चौथे और अंतिम दिन उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ महापर्व का समापन होगा।

छठ महापर्व को लेकर घरों में विशेष साफ-सफाई और तैयारी की जा रही है। बाजारों में फल, सूप, दउरा, नारियल, गन्ना और पूजन सामग्री की खरीदारी को लेकर चहल-पहल बढ़ गई है। घाटों की सफाई और सजावट का कार्य भी जारी है।

छठ केवल एक धार्मिक अनुष्ठान नहीं बल्कि लोक आस्था, शुद्धता, प्रकृति के प्रति कृतज्ञता और सामाजिक समरसता का अनुपम पर्व है। इस महापर्व में परिवार की सुख-समृद्धि, आरोग्य और लोककल्याण की कामना के साथ भगवान सूर्य एवं छठी मइया की आराधना की जाती है।

------

हिन्दुस्थान समाचार / सुरभित दत्त

Powered By Sangraha 9.0