भारत ने अफ्रीका-एशिया के साथ कृषि सहयोग को और मजबूत बनाने की प्रतिबद्धता दोहराई

14 Nov 2026 13:34:53
बैठक में बोलते हुए


नई दिल्ली, 14 नवंबर (हि.स.)। भारत ने अफ्रीका और एशिया के देशों के साथ कृषि अनुसंधान, आधुनिक कृषि प्रौद्योगिकी के आदान-प्रदान तथा क्षमता निर्माण के क्षेत्र में सहयोग को और अधिक मजबूत बनाने की प्रतिबद्धता दोहराई है। जाम्बिया की राजधानी लुसाका में 12-14 नवंबर तक आयोजित अफ्रो-एशियन रूरल डेवलपमेंट ऑर्गनाइजेशन (एएआरडीओ) की तकनीकी कार्यक्रम समिति (टीपीसी) की सातवीं बैठक में भारत की ओर से कृषि क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय सहयोग को व्यापक बनाने पर विशेष जोर दिया गया।

बैठक के दौरान भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएआर) और एएआरडीओ के बीच लंबे समय से चले आ रहे सहयोग की उपलब्धियों को भी रेखांकित किया गया। आईसीएआर के सहायक महानिदेशक (अंतरराष्ट्रीय संबंध) डॉ. नवीन पी. सिंह ने बताया कि एएआरडीओ के साथ आईसीएआर की 17 वर्षों की साझेदारी के तहत परिषद के 11 संस्थानों के माध्यम से अब तक 51 प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जा चुके हैं। इन कार्यक्रमों से एएआरडीओ के सदस्य देशों के 900 से अधिक प्रतिभागी लाभान्वित हुए हैं। यह सहयोग कृषि क्षेत्र में ज्ञान, कौशल और आधुनिक तकनीकों के आदान-प्रदान को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

बैठक का एक प्रमुख आकर्षण आईसीएआर–एएआरडीओ के बीच प्रस्तावित समझौता ज्ञापन (एमओयू) रहा, जिसका उद्देश्य मौजूदा प्रशिक्षण गतिविधियों से आगे बढ़कर आठ प्राथमिकता वाले क्षेत्रों में सहयोग का विस्तार करना है। इसके तहत संयुक्त कृषि अनुसंधान, विशेषज्ञों का आदान-प्रदान, पादप आनुवंशिक संसाधनों का साझा उपयोग, कृषि प्रौद्योगिकी का हस्तांतरण तथा शैक्षणिक सहयोग जैसी गतिविधियों को प्रोत्साहित किया जाएगा। इससे दोनों क्षेत्रों के देशों को कृषि अनुसंधान एवं नवाचार के क्षेत्र में एक-दूसरे के अनुभवों और विशेषज्ञता का लाभ उठाने का अवसर मिलेगा।

आईसीएआर की ओर से इस साझेदारी को व्यवस्थित और परिणामोन्मुख बनाने के लिए एक विस्तृत कार्ययोजना (रोडमैप) भी प्रस्तावित की गई। इसमें राष्ट्रीय समन्वय केंद्रों की पहचान एवं स्थापना, संयुक्त कार्ययोजनाओं का निर्माण, वर्ष 2027 के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रमों का कैलेंडर तैयार करना तथा सहयोग की प्रगति की समय-समय पर समीक्षा के लिए संयुक्त कार्य समूह का गठन शामिल है।

आईसीएआर और एएआरडीओ की नवीनीकृत साझेदारी का व्यापक उद्देश्य भारत के कृषि नवाचारों, वैज्ञानिक उपलब्धियों और संस्थागत विशेषज्ञता को अफ्रीका एवं एशिया के देशों के साथ साझा करना है। इसके माध्यम से जलवायु परिवर्तन सहित विभिन्न चुनौतियों का सामना करने में सक्षम और सुदृढ़ कृषि प्रणालियों के विकास, ग्रामीण आजीविका को मजबूत बनाने तथा कृषि क्षेत्र में दक्षिण-दक्षिण सहयोग को गति देने की दिशा में प्रयास किए जाएंगे। यह साझेदारी भारत और अफ्रीका-एशिया के देशों के बीच कृषि अनुसंधान, तकनीकी नवाचार, मानव संसाधन विकास और ज्ञान के आदान-प्रदान के लिए सहयोग का एक व्यापक मंच तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / रामानुज शर्मा

Powered By Sangraha 9.0