
भोपाल, 14 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मात्र 25 वर्ष के अल्प जीवन में भगवान बिरसा मुंडा ने संघर्ष, त्याग, स्वाभिमान और राष्ट्रभक्ति की ऐसी मिसाल प्रस्तुत की, जिसे देश कभी नहीं भुला सकता। वे जनजातीय अस्मिता, स्वाभिमान और सुशासन के अमर प्रतीक हैं। उनके योगदान को जितना भी याद किया जाए, वह कम है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव शनिवार को जबलपुर में राज्य स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस के शुभारंभ समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर कुल 133 करोड़ 5 लाख 97 हजार रुपये की लागत के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया गया। समारोह में मुख्यमंत्री ने विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले जनजातीय समाज के प्रतिभावान व्यक्तियों को सम्मानित किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मोदी सरकार देश के महान जनजातीय नायकों को उनका उचित सम्मान और पहचान दिलाने का कार्य कर रही है। जनजातीय समाज के वीर नायकों ने अंग्रेजी शासन और पूर्ववर्ती सत्ताओं के विरुद्ध संघर्ष करते हुए देश की स्वतंत्रता, संस्कृति और स्वाभिमान की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर किया। रानी दुर्गावती, राजा शंकर शाह, रघुनाथ शाह सहित अनेक महान नायकों का इतिहास हमारी गौरवशाली विरासत है।
उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने जल, जंगल और जमीन के अधिकारों के साथ अपनी संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण के लिए जनजातीय समाज को जागरूक एवं संगठित होने का संदेश दिया। उनका विचार था कि स्वाभिमान से बड़ा कोई धन नहीं और संस्कृति से बड़ा कोई गहना नहीं। अंग्रेजी शासन के अत्याचारों के विरुद्ध उनका संघर्ष आज भी हमें अन्याय के खिलाफ खड़े होने की प्रेरणा देता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का जीवन हमें अपनी संस्कृति पर गर्व करने, अन्याय के विरुद्ध संघर्ष करने और राष्ट्रहित में समर्पित भाव से कार्य करने की प्रेरणा देता है। उनके आदर्शों को आत्मसात कर जनजातीय समाज के सर्वांगीण विकास और प्रदेश की प्रगति के लिए निरंतर कार्य करना ही उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
उन्होंने कहा कि जनजातीय नायकों की स्मृतियों को चिरस्थायी बनाने के लिए प्रदेश सरकार निरंतर प्रयास कर रही है। रानी दुर्गावती के सम्मान में जबलपुर में कैबिनेट बैठक आयोजित की गई। राजा शंकर शाह एवं रघुनाथ शाह के नाम पर मेडिकल कॉलेज का निर्माण कराया जा रहा है। जनजातीय नायक टंट्या मामा के सम्मान में खरगोन में विश्वविद्यालय स्थापित किया गया है। वहीं राजा भभूत सिंह के योगदान को स्मरण करते हुए उनके नाम पर क्षेत्र को पहचान देने की पहल की गई है। भीमा नायक, खाज्या नायक और बादल भोई जैसे अनेक जननायकों का योगदान भी आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि जनजातीय नायकों के सम्मान में पूरे सप्ताह प्रदेश के सभी जिलों, 90 विकासखंडों, स्कूलों, कॉलेजों और छात्रावासों में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि नई पीढ़ी अपने गौरवशाली इतिहास और महापुरुषों के योगदान से परिचित हो सके।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनजातीय समाज के बच्चों को बेहतर शिक्षा और सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इस अवसर पर लगभग 133 करोड़ रुपये की लागत के विकास कार्यों की सौगात दी जा रही है। छिंदवाड़ा, बालाघाट और डिंडौरी में सांदीपनि विद्यालयों के माध्यम से विद्यार्थियों को आधुनिक शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इन विद्यालयों में शिक्षा के साथ खेलकूद एवं अन्य सहशैक्षणिक गतिविधियों पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में मंडला और अन्य जनजातीय क्षेत्रों में चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार के लिए मेडिकल कॉलेजों का निर्माण किया जा रहा है। जनजातीय अंचलों में उद्योगों की स्थापना और रोजगार के अवसर बढ़ाने के प्रयास भी जारी हैं। उन्होंने लाड़ली बहना योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, सिकल सेल एनीमिया उन्मूलन और जल जीवन मिशन जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार जनजातीय समाज सहित सभी वर्गों के कल्याण के लिए कार्य कर रही है। विशेष पिछड़ी जनजातियों बैगा, सहरिया और भारिया के विकास के लिए भी विशेष प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि जनजातीय क्षेत्रों में आवास एवं आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के अंतर्गत भी कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में विभिन्न उपजातियों सहित 93 प्रकार की जनजातियां निवास करती हैं। सरकार की प्राथमिकता है कि जनजातीय क्षेत्रों में विकास का कोई कार्य शेष न रहे। जनजातीय अंचलों में मुख्यमंत्री सुगम बस सेवा भी शुरू की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार पशुपालन को बढ़ावा देने के लिए भी प्रयासरत है। किसानों और पशुपालकों को गाय एवं भैंस पालन के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है, ताकि दूध उत्पादन में वृद्धि हो और ग्रामीण परिवारों की आय के अतिरिक्त साधन विकसित हों। इसके लिए सरकार आवश्यक सहयोग उपलब्ध करा रही है। उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा जयंती मनाना हम सभी के लिए गौरव और आनंद का अवसर है। उन्होंने जनजातीय गौरव दिवस की सभी को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए जबलपुर जिला प्रशासन, विभिन्न सामाजिक संगठनों और जनप्रतिनिधियों का आयोजन के लिए अभिनंदन किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनजातीय गौरव दिवस के ऐसे आयोजन केवल बड़े शहरों तक सीमित नहीं रहने चाहिए, बल्कि जिले के प्रत्येक छोटे-बड़े स्थान पर भी पूरे उत्साह और गरिमा के साथ आयोजित किए जाने चाहिए, ताकि भगवान बिरसा मुंडा सहित सभी महान जनजातीय नायकों के योगदान को जन-जन तक पहुंचाया जा सके और आने वाली पीढ़ियां उनसे प्रेरणा ले सकें।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर