यमन में हूती विद्रोहियों के खिलाफ सरकारी बलों का बड़ा अभियान, 723 हमले करने का दावा

14 Nov 2026 22:54:53

सना, 14 नवंबर (हि.स.)। यमन की सरकारी सेनाओं ने पिछले कुछ घंटों के दौरान ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों के ठिकानों को निशाना बनाकर 723 हमले और सैन्य अभियान चलाने का दावा किया है। सरकारी बलों के प्रवक्ता माजिद अब्दुल्ला अल-नुजैली ने बताया कि इन कार्रवाइयों में हवाई हमलों से लेकर ड्रोन, रॉकेट और तोपखाने का इस्तेमाल किया गया।

अल-नुजैली ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक पोस्ट में बताया कि अभियान के तहत 37 हवाई हमले, 56 ड्रोन हमले, 89 रॉकेट हमले और 541 तोपखाने से हमले किए गए। इनका निशाना हूती विद्रोहियों के ठिकाने, जमावड़े, वाहन और सैन्य साजो-सामान थे।

उन्होंने कहा कि सरकारी सेनाएं ‘पॉपुलर रेजिस्टेंस’ के सहयोग से ताइज में हूती लड़ाकों के खिलाफ लगातार मोर्चा संभाले हुए हैं। इसके अलावा मारिब और अल-जौफ प्रांतों के साथ दक्षिणी तथा दक्षिण-पश्चिमी मोर्चों पर भी दोनों पक्षों के बीच झड़पें हुई हैं।

अल-नुजैली के मुताबिक, शुरुआती मैदानी आकलन में इन अभियानों के दौरान हूती विद्रोहियों के 321 लड़ाके और नेता मारे गए या घायल हुए हैं। इसके अलावा 117 वाहन और सैन्य उपकरणों को नुकसान पहुंचा है।

-----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Powered By Sangraha 9.0