नई दिल्ली, 14 नवंबर (हि.स.)। छठ के दौरान यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए उत्तर रेलवे ने दिल्ली क्षेत्र के प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर विशेष प्रबंध किया है। यात्रियों, विशेषकर बिहार और देश के पूर्वी हिस्से से आने वाले लोगों की सुविधा के लिए विशेष रेलगाड़ियों का संचालन किया जा रहा है।
उत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु शेखर उपाध्याय ने शनिवार को बताया कि 13 नवंबर को दिल्ली क्षेत्र से कुल 26 विशेष रेलगाड़ियां और एक अनिर्धारित रेलगाड़ी चलाई गई। नई दिल्ली से 11, आनंद विहार से सात, शकूरबस्ती से पांच, हजरत निजामुद्दीन से एक, दिल्ली जंक्शन से एक और रोहतक से एक विशेष रेलगाड़ी शामिल है। इस दिन यात्रियों की भीड़ और मांग के अनुसार अनारक्षित एक विशेष रेलगाड़ी का संचालन किया गया।
उपाध्याय ने बताया कि 14 नवंबर को दिल्ली क्षेत्र के प्रमुख रेलवे स्टेशनों से 27 विशेष रेलगाड़ियों का संचालन प्रस्तावित है। इनमें नई दिल्ली से नौ, आनंद विहार से पांच, शकूरबस्ती से सात, हजरत निजामुद्दीन से तीन, दिल्ली जंक्शन से दो और रोहतक से एक विशेष रेलगाड़ी शामिल है। इस दिन भी यात्रियों की भीड़ और मांग के अनुसार अतिरिक्त अनारक्षित विशेष रेलगाड़ियां चलाई जाएंगी।
उन्होंने बताया कि 15 नवंबर को दिल्ली क्षेत्र के प्रमुख रेलवे स्टेशनों से 22 विशेष रेलगाड़ियों का संचालन प्रस्तावित है। इनमें नई दिल्ली से सात, आनंद विहार से सात, शकूरबस्ती से दो, हजरत निजामुद्दीन से तीन, दिल्ली जंक्शन से दो और रोहतक से एक विशेष रेलगाड़ी शामिल है। इस दिन भी यात्रियों की भीड़ और मांग के अनुसार अतिरिक्त अनारक्षित विशेष रेलगाड़ियां चलाई जाएंगी।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी