राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री व अन्य ने बिरसा मुंडा की जयंती पर देशवासियों को 'जनजातीय गौरव दिवस' की दी शुभकामनाएं

15 Nov 2026 10:45:53
प्रतीकात्मक


नई दिल्ली, 15 नवंबर (हि.स.)। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी समेत कई नेताओं ने रविवार को 'धरती आबा' बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर देशवासियों को 'जनजातीय गौरव दिवस' की हार्दिक शुभकामनाएं दी।

राष्ट्रपति मुर्मु ने एक्स पर लिखा, यह दिन हमारी समृद्ध जनजातीय विरासत और राष्ट्र के प्रति जनजातीय समुदायों के ऐतिहासिक योगदान को याद करने का एक अवसर है। मुझे आशा है कि सभी देशवासी समावेशी विकास के पथ पर आगे बढ़ते हुए, हमारी इस अमूल्य विरासत को संजोकर रखेंगे।

उपराष्ट्रपति ने कहा कि बिरसा मुंडा ने ब्रिटिश शासन के विरुद्ध आदिवासी समुदाय का नेतृत्व किया और उनके अधिकारों, सम्मान तथा पहचान के लिए संघर्ष किया। उनके 'उलगुलान' (विद्रोह) के आह्वान ने स्वतंत्रता और न्याय की लड़ाई को एक सशक्त आवाज दी। इस दिन को भारत की स्वतंत्रता की लड़ाई तथा राष्ट्र-निर्माण में आदिवासी समुदायों के अमूल्य योगदान को याद करते हैं।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि 'धरती आबा' का अदम्य साहस, संघर्ष, बलिदान देश की हर पीढ़ी को आत्म-सम्मान, स्वतंत्रता और अधिकारों की रक्षा के लिए प्रेरित करता रहेगा। उनसे प्रेरणा लेते हुए, भाजपा सरकार जनजातीय भाई-बहनों के लिए सम्मान, अवसर और समृद्धि सुनिश्चित करने में कोई कसर नहीं छोड़ रही है।

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि बिरसा मुंडा का जीवन त्याग, तपस्या, संघर्ष और जन-सेवा की एक प्रेरणादायक गाथा है, जो आने वाली पीढ़ियों के लिए देशभक्ति, सामाजिक समरसता और न्याय के मूल्यों को सदैव आलोकित करती रहेगी। बिरसा मुंडा का अद्वितीय योगदान भारतीय इतिहास की एक अमूल्य धरोहर है। उनके आदर्श सभी को आदिवासी समाज की गरिमा, अधिकारों और सर्वांगीण विकास के प्रति प्रतिबद्ध रहने के लिए प्रेरित करते रहेंगे।

रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि बिरसा मुंडा का जीवन और उनके आदर्श, आने वाली पीढ़ियों को अन्याय के विरुद्ध खड़े होने, अपनी संस्कृति पर गर्व करने और राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का पालन करने के लिए सदैव प्रेरित करते रहेंगे।

केन्द्रीय गृह एवं सहकारितामंत्री अमित शाह ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने जनजातीय समुदायों में आत्म-सम्मान और जागरूकता का संचार किया। साथ ही, अपनी संस्कृति और मातृभूमि की रक्षा के लिए 'उलगुलान आंदोलन' के माध्यम से उन्होंने ब्रिटिश शासन के विरुद्ध क्रांति का आह्वान किया। उनका जीवन हमें राष्ट्र के कल्याण के लिए एकजुट होने तथा त्याग और समर्पण की भावना अपनाने के लिए निरंतर प्रेरित करता है।

केन्द्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्गमंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि राष्ट्र के महान सपूत, भगवान बिरसा मुंडा का जीवन वीरता और साहस का प्रतीक है। अपने कार्यों और अपनी दूरदृष्टि के माध्यम से, उन्होंने समाज को एक नई दिशा दी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी

Powered By Sangraha 9.0