जम्मू-कश्मीर महान ऋषियों, संतों और सूफियों की भूमि : डॉ इन्द्रेश कुमार

15 Nov 2026 19:24:53

जम्मू, 15 नवंबर (हि.स.)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ नेता और 'मुस्लिम राष्ट्रीय मंच' के संरक्षक डॉ. इंद्रेश कुमार ने आज नई पीढ़ी के बीच समृद्ध सांस्कृतिक मूल्यों को आत्मसात कराने पर जोर दिया। जम्मू-कश्मीर महान ऋषियों, संतों और सूफियों की भूमि है, जिन्होंने जीवन भर आध्यात्मिकता, मानवता और भाईचारे का संदेश दिया।

मुस्लिम राष्ट्रीय मंच की एक दिवसीय सेमिनार को संबोधित करते हुए डॉ. इंद्रेश कुमार ने कहा कि हमारी सदियों पुरानी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को सहेजना हम सभी का कर्तव्य है, ताकि हम अपनी आने वाली पीढ़ियों को नशीले पदार्थों और अन्य असामाजिक गतिविधियों के खतरे से बचा सकें। उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर ने 37 साल की उथल-पुथल के दौरान भारी तबाही झेली है और इस तबाही से लोगों को कुछ भी हासिल नहीं हुआ। अब समय आ गया है कि हम सब मिलकर जम्मू-कश्मीर और यहाँ के लोगों की बेहतरी के लिए काम करें और इस केंद्र शासित प्रदेश को नशीले पदार्थों और आतंकवाद से मुक्त करने का सामूहिक संकल्प लें।

उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में नरेंद्र मोदी सरकार के कार्यकाल के दौरान जम्मू-कश्मीर में बहुत बड़ा बदलाव आया है। जो लोग दशकों तक 'बंदूक संस्कृति' के साये में जी रहे थे वे अब एक स्वतंत्र और स्वस्थ माहौल में रह रहे हैं। आतंकवाद पर उन्होंने कहा कि जम्मू कश्मीर में आतंकवाद की कमर टूट चुकी है और आने वाले समय में वो भी पूरी तरह समाप्त हो जाएंगी। कश्मीरी समाज चुका है कि आतंकवाद से कुछ हासिल नहीं होगा और इससे कभी भी शांति, तरक्की और प्रगति नहीं मिल सकती।

उन्होंने आगे कहा कि जम्मू-कश्मीर केंद्र शासित प्रदेश अब तेजी से विकास के पथ पर अग्रसर है यहाँ बुनियादी ढांचे (इंफ्रास्ट्रक्चर) के निर्माण को बढ़ावा मिल रहा है और पर्यटन उद्योग भी फिर से पटरी पर लौट आया है। डॉ. कुमार ने लोगों से अपील की कि वे जम्मू-कश्मीर को नशीले पदार्थों से मुक्त बनाने का संकल्प लें, क्योंकि यही बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की गारंटी है। उन्होंने पुंछ और राजौरी जैसे सीमावर्ती जिलों में पर्यटन को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया जहाँ कई खूबसूरत प्राकृतिक स्थल मौजूद हैं।

इस अवसर पर प्रो. शाहिद अख्तर राष्ट्रीय संयोजक एमआरएम और सदस्य राष्ट्रीय अल्पसंख्यक शैक्षणिक संस्थान आयोग भारत सरकार, सैयद अबूबकर नकवी राष्ट्रीय संयोजक, एमआरएम व पूर्व अध्यक्ष वक्फ बोर्ड राजस्थान, नजीर अहमद क्षेत्रीय संयोजक एमआरएम जम्मू-कश्मीर और लद्दाख, डॉ. रमेश खजूरिया क्षेत्रीय संयोजक (संगठन) एमआरएम जम्मू-कश्मीर और लद्दाख, मंजूर भडाना, शाहिद शौकत (सचिव (मीडिया) और सह-संयोजक एमआरएम, अब्दुल कय्यूम मीर प्रशासक वक्फ बोर्ड राजौरी, एजाज उल हक संयोजक, एमआरएम जम्मू प्रांत, अरशद नवाज खान सह-संयोजक एमआरएम जम्मू प्रांत, हामिद बाजार जिला संयोजक पुंछ और दानिश जिला संयोजक, डोडा उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह

Powered By Sangraha 9.0