
-डिजिटल सशक्तीकरण, साइबर सुरक्षा और महिला विधायकों की क्षमता निर्माण पर होगी चर्चा-18 नवंबर को कर्नाटक की राज्यपाल डॉ. सुधा यादव के संबोधन के साथ होगा सम्मेलन का समापन
नई दिल्ली, 15 नवंबर (हि.स.)। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला 17 नवंबर को बेंगलुरु में राष्ट्रमंडल महिला सांसदों के भारत क्षेत्रीय सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे। दो दिवसीय इस सम्मेलन में महिला जनप्रतिनिधियों की डिजिटल भागीदारी, साइबर सुरक्षा, विधायी क्षमता निर्माण और नई महिला सांसदों के मार्गदर्शन से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर विचार-विमर्श होगा। सम्मेलन का समापन 18 नवंबर को कर्नाटक की राज्यपाल डॉ. सुधा यादव के संबोधन के साथ होगा।
लोकसभा सचिवालय की ओर से आयोजित होने वाला यह सम्मेलन कर्नाटक विधानसभा परिसर स्थित विधान सौध में होगा। सम्मेलन का विषय ‘मजबूत आधार, अधिक सशक्त आवाज : समावेशी साइबर जगत और नई महिला विधायकों के लिए मार्गदर्शन के रास्ते’ रखा गया है। उद्घाटन सत्र में कर्नाटक के मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार मुख्य वक्तव्य देंगे। राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश, कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डॉ. जी. परमेश्वर, कर्नाटक विधानसभा अध्यक्ष जीएस पाटिल और राष्ट्रमंडल महिला सांसदों के भारत क्षेत्र की अध्यक्ष दग्गुबाती पुरंदेश्वरी भी अपने विचार रखेंगे।
कर्नाटक विधान परिषद के सभापति सलीम अहमद स्वागत भाषण देंगे, जबकि उपसभापति डॉ. उमाश्री धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत करेंगी। सम्मेलन में संसद के साथ-साथ विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की विधानसभाओं की महिला सदस्य तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति हिस्सा लेंगे।
सम्मेलन के दौरान दो पूर्ण सत्र आयोजित किए जाएंगे। पहला सत्र 17 नवंबर को ‘महिलाओं का डिजिटल सशक्तीकरण : सुरक्षित साइबर जगत और समझदारी भरे विकल्प’ विषय पर होगा। इसमें डिजिटल माध्यमों पर महिलाओं की सुरक्षित, प्रभावी और जागरूक भागीदारी सुनिश्चित करने के उपायों पर चर्चा की जाएगी।
दूसरा पूर्ण सत्र 18 नवंबर को ‘महिला विधायकों का क्षमता निर्माण और मार्गदर्शन’ विषय पर आयोजित होगा। इसमें महिला जनप्रतिनिधियों की विधायी क्षमताओं को मजबूत करने और विशेष रूप से नई महिला विधायकों को मार्गदर्शन एवं सहयोग उपलब्ध कराने के तरीकों पर विचार-विमर्श किया जाएगा। इसके अतिरिक्त संयुक्त राष्ट्र महिला भारत की ओर से 17 नवंबर को रजोनिवृत्ति विषय पर विशेष सत्र आयोजित किया जाएगा। इसमें महिलाओं के स्वास्थ्य, कल्याण और गरिमा से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा होगी।
सम्मेलन का समापन 18 नवंबर को कर्नाटक की राज्यपाल डॉ. सुधा यादव के संबोधन के साथ होगा। समापन सत्र में कर्नाटक के मुख्यमंत्री, राज्यसभा के उपसभापति और कर्नाटक विधान परिषद के सभापति भी संबोधित करेंगे। वहीं, राष्ट्रमंडल महिला सांसदों के भारत क्षेत्र की अध्यक्ष सम्मेलन के निष्कर्षों पर अपना वक्तव्य प्रस्तुत करेंगी।-------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर