जनजातीय समाज ने हमेशा अन्याय के खिलाफ उठाई आवाज : प्रधानमंत्री

15 Nov 2026 13:10:53
जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को वर्चुअली संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री


- मप्र के धार जिले में 1358 करोड़ की सिंचाई परियोजना का लोकार्पण, जनजातीय सम्मेलन में वर्चुअली जुड़े प्रधानमंत्री माेदी

धार, 15 नवंबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि जनजातीय समाज ने हमेशा अन्याय के खिलाफ आवाज उठाई है। एक समय था, जब देश में अनेक दिवस और उत्सव विदेशी दृष्टिकोण से तय होते थे, लेकिन आज भारत अपनी विरासत को, अपने इतिहास और अपने नायकों को स्वदेशी स्वाभिमान के साथ याद कर रहा है। ये हमारी राष्ट्रीय चेतना में आए एक बड़े परिवर्तन का प्रतीक है।

प्रधानमंत्री मोदी रविवार को जननायक भगवान बिरसा मुंडा की जयंती एवं जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों को वर्चुअली संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर मध्य प्रदेश के धार जिले के डही में राज्य स्तरीय समारोह में राज्यपाल मंगुभाई पटेल, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, केन्द्रीय महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर विशेष रूप में मौजूद रहे।

भारत के 50 करोड़ लोग भीषण गरीबी से बाहर निकले

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि 15 नवंबर 2021 से जनजातीय गौरव दिवस मनाने की जो शुरुआत हुई, आज वो एक राष्ट्रीय उत्सव बन चुका है। उन्होंने कहा कि देश की दो बड़ी उपलब्धियों की चर्चा हर जगह हो रही है। पहली उपलब्धि है देश के करीब 50 करोड़ लोगों की भीषण गरीबी को परास्त करना।

उन्होंने कहा कि विश्व बैंक की रिपोर्ट के मुताबिक, बीते 12-13 बरसों में भारत के 50 करोड़ लोग भीषण गरीबी से बाहर निकले हैं। यह आजादी के बाद देश की सबसे बड़ी उपलब्धि है। इसके पीछे समाज की सामूहिक शक्ति है। इसके पीछे देश के हर नागरिक का परिश्रम है। सरकार ने जनजातीय कल्याण के लिए जो फैसले लिए, जो योजनाएं बनाई, उसका ही ये परिणाम है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि गरीबी को परास्त करने के लिए कमाई के अवसर बढ़ाने भी जरूरी थे। मुद्रा योजना के माध्यम से लाखों-करोड़ों रुपयों की मदद दी गई। हमारे जनजातीय भाइयों को भी इसका लाभ मिला। इससे उनके अंदर आगे बढ़ने का आत्मविश्वास पैदा हुआ। देश के 100 से ज्यादा आकांक्षी जिलों में विकास , सुविधाओं, नागरिकों के अधिकारों की सुरक्षा का अभियान चलाया गया।

नक्सलवाद से मुक्ति देश की दूसरी बड़ी उपलब्धि

उन्होंने कहा कि देश की दूसरी उपलब्धि है नक्सलवाद, माओवाद से मुक्ति। नक्सली हिंसा ने सबसे ज्यादा नुकसान हमारे जनजातीय समाज का ही किया। 2014 में देश के करीब सवा सौ जिले नक्सलवाद से पीड़ित थे। हर साल हजारों लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ती थी। उस जमाने में सरकारों ने आदिवासी भाई-बहनों को उनके हाल पर छोड़ दिया था। सब चुप रहते थे। उनको मतदान तक नहीं करने दिया जाता था। तब की सरकारें मूकदर्शक बनी रहती थीं। गरीब मां के सामने से उनके छोटे-छोटे बच्चों को नक्सलवादी छीनकर ले जाते थे। हमारे घर की बेटियों को उठा ले जाते थे। आज जब नक्सलवाद खत्म हुआ तो जनजातीय समाज की मां-बहनें हमें आशीर्वाद दे रही हैं। आज इन युवाओं को पढ़ाई के अवसर मिल रहे हैं। रोजगार के अवसर मिल रहे हैं।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर आज देशभर में 170 से अधिक परियोजनाओं का लोकार्पण और 70 से अधिक प्रोजेक्ट्स का शिलान्यास किया गया है। देश के अलग-अलग राज्यों में 30 हजार करोड़ रुपये की परियोजनाओं का लोकार्पण हुआ है।

प्रधानमंत्री मोदी के वर्चुअली संबोधन से पहले राज्यपाल मंगुभाई पटेल और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 1358 करोड़ रुपये लागत से निर्मित डही माइक्रो उद्वहन सिंचाई परियोजना का लोकार्पण किया। सम्मेलन में 90 हजार स्क्वायर फीट का डोम बनाया गया है, जिसमें करीब 15 हजार लोग मौजूद हैं।

केन्द्रीय मंत्री सावित्री ठाकुर ने भगवान बिरसा की प्रतिमा लगाने की मांग की

केंद्रीय राज्यमंत्री सावित्री ठाकुर ने कार्यक्रम में कुक्षी में भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा लगाने की मांग की। उन्होंने कहा कि आदिवासी भाइयों-बहनों, किसानों और युवाओं के जीवन में बदलाव लाने और उनकी तरक्की के लिए प्रधानमंत्री मोदी ने कई ऐतिहासिक निर्णय लिए हैं। मैं स्वयं आपके सामने इसके एक उदाहरण के रूप में खड़ी हूं। मेरा कोई राजनीतिक बैकग्राउंड नहीं था। 40 घरों की एक छोटी सी बस्ती में रहने वाली महिला ने कभी यह नहीं सोचा था कि वह ऐसे बड़े मंच पर आकर अपने आदिवासी समाज के बीच भाषण दे सकेगी, उनके लिए योजनाएं बना सकेगी। कार्यक्रम को राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने भी संबोधित किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Powered By Sangraha 9.0